महापौर की सभी सीटों पर भाजपा लहराएगी परचम: शारदा

महापौर की सभी सीटों पर भाजपा लहराएगी परचम: शारदा
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा।

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि भाजपा सहारनपुर नगर निगम समेत सभी 17 महापौर की सीटों पर विजय हासिल करेगी ताकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू की गई योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक पहुंच सके।

विनीत अग्रवाल शारदा आज यहां दिल्ली रोड स्थित भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह के चुनाव कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा महापौर की सभी सीटों के साथ-साथ अधिकांश नगर पालिका व नगर पंचायतों में भी जीत का परचम लहराएगी क्योंकि डबल इंजन की सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है तथा पार्टी ने सभी नाराज लोगों को मनाया है और अब भाजपा पूर्ण विश्वास के साथ मैदान में है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी चरमसीमा पर थी और चारों ओर अराजकता का माहौल था। दंगे होते थे लेकिन 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी तब से न कोई दंगा हुआ है और न कोई गुंडागर्दी हो रही है। किसान, मजदूर, बहनें बेफिक्रम होकर कहीं भी जा सकते हैं। वार्ता के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता पुनीत त्यागी, रोहित घई आदि मौजूद रहे।