Rajasthan: गहलोत सरकार के खिलाफ एक सप्ताह तक आंदोलन करेगी भाजपा

जयपुर। करीब सवा दो साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को भाजपा अब अलग-अलग मुद्दों पर घेरेगी। सात दिन तक आंदोलन चलाया जाएगा। चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव को देखते हुए भी आम लोगों के बीच सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की यह रणनीति मानी जा रही है। रविवार और सोमवार को पार्टी के मंडलों की बैठक होगी। इसके बाद नौ से 14 मार्च तक पार्टी कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे। मई में जयपुर में सरकार के खिलाफ बड़ी रैली करने की तैयारी की जा रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया इस रैली में दो लाख लोगों की भीड़ जुटाने का दावा कर रहे हैं।
रविवार को पूनिया फेसबुक पर लाइव आंदोलन की शुरूआत करेंगे। इसी दिन सुबह 10 से 11 बजे तक सांसद और जिला प्रमुख व 11 से 12 बजे तक विधायक, महापौर, स्थानीय निकाय के सभापति दोपहर 12 से एक बजे के बीच जिला अध्यक्ष,पार्टी के पदाधिकारी, पंचायत समिति प्रधान व नगर पालिका अध्यक्ष फेसबुक पर लाइव करेंगे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने बताया कि गहलोत सरकार ने हर आदमी के साथ वादा खिलाफी की है। जिन वादों को कर के गहलोत सरकार सत्ता में आई,उन्हें भूल गई। पिछली भाजपा सरकार की 80 फीसद जनहित की योजनाओं में कटौती कर दी गई। कुछ को बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि 14 मार्च तक चलने वाले आंदोलन के तहत कार्यकर्ता धरना देकर उपखंड अधिकारियों को ज्ञापन देंगे। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
गौरतलब है कि राजस्थान भाजपा में अंतर्कलह बढ़ती जा रही है। राज्य में विधानसभा चुनाव करीब ढ़ाई साल बाद होने हैं, लेकिन नेताओं में मुख्यमंत्री चेहरे की लड़ाई अभी से शुरू हो गई। इस लड़ाई के बीच पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की देवदर्शन यात्रा का लेकर उनके विरोधी सक्रिय हो गए। वसुंधरा राजे का जन्मदिन 8 मार्च को है। अपने जन्मदिन पर वे पूर्वी राजस्थान में अपनी ताकत का अहसास कराना चाहती है। आदिवासी बहुल उदयपुर व कोटा संभाग में वसुंधरा का प्रभाव है।
यह भी पढे >> PM मोदी के साथ कल मंच साझा कर सकते हैं मिथुन चक्रवर्ती, बंगाल की ब्रिगेड रैली में (24city.news)