भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने टटोली मेयर के दावेदारों की नब्ज

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने टटोली मेयर के दावेदारों की नब्ज
  • सहारनपुर में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल का स्वागत करते भाजपाई।

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल का आज सहारनपुर पहुंचने पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बेनीवाल ने सहारनपुर नगर निगम में भाजपा के टिकट के दावेदारों से मुलाकात कर वस्तुस्थिति की जानकारी भी हासिल की।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव का बिगुल बजने के बाद भाजपा हाईकमान द्वारा प्रदेश के सभी नगर निगमों में प्रदेश सरकार के एक-एक मंत्री व संगठन के एक-एक पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी कड़ी में सहारनपुर नगर निगम के लिए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय व नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आज भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल नगर निगम के महापौर के भाजपाई दावेदारों से गुफ्तगू करने के लिए सहारनपुर पहुंचे थे।

इस दौरान दिल्ली रोड चुनैटी स्थित मेडिग्राम हॉस्पिटल में पहुंचने पर भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार व मेडिग्राम हॉस्पिटल के निदेशक डा. अजय सिंह ने अपनी पूरी टीम के साथ उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद श्री बेनीवाल ने दिल्ली स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर पहुंचकर पार्टी के महापौर पद के दावेदारों के साथ वार्ता कर उनकी दावेदारी का आंकलन किया। वहीं दूसरी ओर पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ भी चुनाव के सम्बंध में चर्चा की।