भाजपा करती है सभी जाति व धर्म के लोगों का सम्मान: द्विवेदी

- सहारनपुर में भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत करते भाजपाई।
सहारनपुर [24CN]। भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला व महानगर इकाई द्वारा आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी व उनके परिजनों का सम्मान किया गया।
जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री वरूण गोयल व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम ने स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों को स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक दल ही नहीं बल्कि एक परिवार है जिसमें सभी जाति व धर्म के लोगों को मान-सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा बिना किसी भेदभाव के सभी जाति व धर्म के लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई जा सके।
प्रदेश महामंत्री वरूण गोयल व क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे केंद्र व राज्य सरकार द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का काम करें। कार्यक्रम को पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व विधायक राजीव गुम्बर, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष सत्यार्थ प्रकाश ने भी सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपिन सिरोही, महामंत्री हितेश शर्मा, राहुल झाम, सागर चौधरी, महानगर उपाध्यक्ष राहुल सिंह तोमर समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।