BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायक पद से दिया इस्तीफा, शेयर किया भावुक संदेश
पटना: बिहार के सियासी गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद, संवैधानिक नियमों का पालन करते हुए उन्होंने बिहार विधानसभा से अपना त्यागपत्र सौंपा है।
बांकीपुर की जनता का जताया आभार
दरअसल, नितिन नवीन को हाल ही में राज्यसभा के लिए चुना गया है। संसद के उच्च सदन में अपना नया सफर शुरू करने से पहले उन्होंने बांकीपुर की जनता के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। बिहार विधानसभा कार्य संचालन नियमावली के तहत, अगर कोई सदस्य दूसरे हाउस के लिए निर्वाचित होता है तो उसे 14 दिन के अंदर इस्तीफा देना होता है। 16 मार्च को नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शिवेश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा और रामनाथ ठाकुर राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। ऐसे में आज यानी 30 मार्च को 14 दिन की डेडलाइन पूरी हो गई है।
नितिन नवीन ने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए एक भावुक संदेश शेयर किया। उन्होंने याद किया कि कैसे जनवरी 2006 में उनके पिता और वरिष्ठ नेता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद, उन्होंने अप्रैल 2006 में पटना पश्चिम से उपचुनाव जीतकर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। पिछले 20 वर्षों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “पिताजी द्वारा सींचे गए इस क्षेत्र को मैंने हमेशा अपने परिवार की तरह समझा। बांकीपुर की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार 5 बार अपना प्रतिनिधि चुनकर जो स्नेह और आशीर्वाद दिया, वह मेरे लिए अमूल्य है।”
MLC पद से CM नीतीश ने दिया इस्तीफा
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी आज विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सीएम आवास पर ही बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को इस्तीफा सौंपा है। नीतीश कुमार ने आखिरी बार 2004 में नालंदा से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उसके बाद से वे लगातार विधान परिषद के सदस्य रहे।
