shobhit University Gangoh
 

भाजपाइयों ने धूमधाम के साथ मनाया पार्टी का ४३वां स्थापना दिवस

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के 43वें स्थापना दिवस पर पार्टी पदाधिकारियों द्वारा कार्यकर्ताओं को लगातार आगे बढ़ते रहने का संकल्प दिलाया गया।

स्थानीय दिल्ली रोड पाश्र्वनाथ सिटी स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन, जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने पार्टी का झंडा फहराकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना से हम एक विचारधारा को लेकर आगे बढ़े। तब से लेकर आज तक लगातार उसी विचारधारा पर चलते हुए असंख्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के दम पर आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और एक लम्बी यात्रा के बाद यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी भी अपनी विचारधारा के साथ समझौता नहीं किया। जो मुद्दे उस समय लेकर भाजपा लेकर चली थी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने पर उन सभी पर काम किया गया।

जनसंघ के समय से हमारा मानना था कि धारा-370 हटाई जानी चाहिए और सरकार बनने पर हमने हटाकर दिखाया। पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानवतावाद और अंत्योदय के सिद्धांत को अपना केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार उसे उसे साकार करने की दिशा में काम कर रही है। बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक समरसता के सपने को भी पूरा करने का भाजपा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित के लिए संगठन का कार्य करता है, अपने निजी हित के लिए नहीं करता और इसी का परिणाम आज पूरे देश में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जिस मुकाम पर खड़ी है, उस पर पहुंचने में कई पीढिय़ों का तप और बलिदान है जिसे भुलाया नहीं जा सकता।

इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और प्रधानमंत्री मोदी का वर्चुअल सम्बोधन सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके स्वभाव को भगवान हनुमान की तरह बताते हुए कहा कि उनके लिए कोई कार्य असंभव नहीं है। वे जनता के बीच जाएं और सेवा भाव के जरिए जनता की समस्याओं को दूर करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि भारत आज अपनी शक्ति का अनुभव कर चुका है और वह लगातार आगे बढऩे का प्रयास कर रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज भाजपा पूरी दुनिया में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। देश के कोने-कोने तक उसके कार्यकर्ता सेवाभाव में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज 1.80 लाख शक्ति केंद्र और 8.40 लाख बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश के उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक हर कोने में पहुंच चुकी है। भाजपा द्वारा सभी बूथ, मंडल व जिला कार्यालयों पर आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में पार्टी के सभी नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Jamia Tibbia