पांच सीटों पर भाजपा व दो सीटों पर सपा ने लहराया अपना परचम

पांच सीटों पर भाजपा व दो सीटों पर सपा ने लहराया अपना परचम
विधायक मुकेश चौधरी

सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 की आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई मतगणना में भारतीय जनता पार्टी ने पांच सीटों व समाजवादी पार्टी ने दो सीटों पर अपना परचम लहराने में सफलता हासिल कर ली। सहारनपुर विधानसभा सीट से सपा व्यापार सभा के प्रदेशाध्यक्ष व वर्तमान विधायक संजय गर्ग को भाजपा प्रत्याशी राजीव गुम्बर ने हराकर अपना कब्जा जमा लिया।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 में विगत 14 फरवरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न हुए मतदान में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर जनपद की सभी सात विधानसभा सीटों पर अपना भाग्य आजमा रहे 71 प्रत्याशियों का भविष्य मतपेटियों में कैद कर दिया था। आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनता रोड स्थित सैंट्रल वेयरहाऊस में सम्पन्न हुई मतगणना में जिले की सात विधानसभा सीटों में से 2 पर समाजवादी पार्टी तथा 5 विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने अपना परचम लहरा दिया।

सहारनपुर में विधायक देवेंद्र निम को कंधों पर उठाते समर्थक।

बेहट विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी उमर अली खान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी व वर्तमान विधायक नरेश सैनी को हराकर अपना परचम लहरा दिया। जबकि बसपा प्रत्याशी रईस मलिक तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। जनपद की सबसे महत्वपूर्ण सीट मानी जाने वाली नकुड़ विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी व चार बार के विधायक डा. धर्मसिंह सैनी को लगभग साढ़े तीन हजार मतों के अंतर से पराजित कर दिया। बसपा प्रत्याशी साहिल खान तीसरे स्थान पर रहे।

सहारनपुर नगर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजीव गुम्बर ने सपा प्रत्याशी व वर्तमान विधायक संजय गर्ग को 4500 मतों के अंतर से हराकर अपना कब्जा जमा लिया। सहारनपुर देहात विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशु मलिक ने भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक जगपाल सिंह को 30 हजार मतों के अंतर से हराकर इस सीट पर अपना कब्जा जमा लिया। जबकि बसपा प्रत्याशी अजब सिंह को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा।

सहारनपुर में कुंवर बृजेश सिंह की जीत पर खुशी मनाते भाजपाई।

देवबंद विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी व वर्तमान विधायक कुंवर बृजेश सिंह ने दूसरी बार जीत हासिल की। इस सीट पर सपा प्रत्याशी कार्तिकेय राणा को दूसरे व बसपा प्रत्याशी चौ. राजेंद्र सिंह को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। जनपद की एकमात्र सुरक्षित सीट रामपुर मनिहारान पर भाजपा प्रत्याशी व वर्तमान विधायक देवेंद्र निम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रालोद प्रत्याशी विवेकांत सिंह को 20 हजार मतों के अंतर से हराकर दूसरी अपना कब्जा जमा लिया। जबकि बसपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक राविंद्र मोल्हू ने तीसरा स्थान हासिल किया।

सहारनपुर में विधायक कीरत सिंह जीत पर खुशी मनाते समर्थक।

गंगोह विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी व विधायक चौ. कीरत सिंह ने अपना कब्जा बरकरार रखते हुए सपा प्रत्याशी चौ. इंद्रसैन को 23 हजार मतों के अंतर से हरा दिया। जबकि बसपा प्रत्याशी नौमान मसूद को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। बेहट विधानसभा सीट पर उमर अली खान ने 1 लाख 34 हजार 396 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी नरेश सैनी को 38 हजार 7 मतों से अंतर से हराया।

भाजपा प्रत्याशी नरेश सैनी को 96 हजार 389, बसपा प्रत्याशी रईस मलिक को 45010, कांग्रेस प्रत्याशी पूनम काम्बोज को 1626, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुशील कुमार को 1161, निर्दलीय अली खान को 409, निर्दलीय मोहम्मद इकराम को 271, निर्दलीय धर्मपाल सिंह को 560 मत हासिल किए। जबकि 1116 मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया।