भाजपा विधायक आज करेंगे सनसिटी वाटर पार्क का उद्घाटन

भाजपा विधायक आज करेंगे सनसिटी वाटर पार्क का उद्घाटन
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते सनसिटी वाटर पार्क कम्पनी के पदाधिकारी।

रामपुर मनिहारान। कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्रांतर्गत दिल्ली-सहारनपुर हाइवे स्थित नवनिर्मित सनसिटी वाटर पार्क के कल (आज) होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई। सनसिटी डी फन स्पोर्ट के निदेशक दलबीर सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि दुर्गाष्टमी के पावन पर्व पर नवनिर्मित सनसिटी वाटर पार्क का उद्घाटन रामपुर मनिहारान के भाजपा विधायक देवेंद्र निम द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सहारनपुर क्षेत्र में बहुत चर्चित एवं प्रतीक्षित मनोरंजन का एकमात्र स्थान अब महानगर के प्रत्येक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा। शहर की भीड़भाड़ से दूर सुसज्जित लॉन एवं हरेभरे प्राकृतिक वातावरण के माध्यम से यह पार्क मन को मोह लेने वाला साबित होगा जिसमें वेव पुल, फैमिली स्लाइड, बुड्डा स्लाइड, मल्टी लेन, पेंडुलम, बॉडी स्लाइड, चाइल्ड पूल जैसे 16 मनमोहन स्लाइड एवं रोमांच से भरे मनोरंजन के विभिन्न साधन प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि वाटर पार्क के मुख्य आकर्षण में वेव पूल एवं डांसिंग फ्लोर है जो युवाओं को थिरकने को मजबूर करने वाले हैं।

निदेशक संदीप हुड्डा ने बताया कि आज के तनाव भरे भागदौड़ के दौर में मनोरंजन के नाम पर कुछ भी नहीं रहा है। टीबी व सिनेमा भी अश्लीलता का भंडार बना हुआ है। ऐसे में वाटर पार्क तनाव मुक्त होकर खिलखिलाने एवं प्रसन्न मुद्रा में परिवार के साथ अविस्मरणीय समय बिताने का अच्छा स्थान है। वार्ता के दौरान कम्पनी के महाप्रबंधक विजय शुक्ला भी मौजूद रहे।