अपनी ही सरकार पर भड़के BJP विधायक, कहा- इतना भ्रष्टाचार आज तक नहीं देखा

लखनऊः हरदोई के गोपामऊ से बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश ने अपनी सरकार पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी पर हमला बोलते हुए विधायक ने कहा कि प्रदेश में अब तो भ्रष्टाचार चरम पर है। जिसके चलते विधायक ने फेसबुक पर पोस्ट भी की।
भाजपा विधायक ने लिखा है कि मैंने अपने इतने बड़े राजनीतिक जीवन में इतना भ्रष्टाचार आजतक नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि जितना भ्रष्टाचार अभी देख और सुन रहा हूं, वह बेहद डराने वाला है। जिससे भी किसी दूसरे के भ्रष्टाचार की शिकायत करो, वह उससे वसूली में लग जाता है। किसी भी मामले का निस्तारण नहीं हो रहा है, वसूली जारी है।
बता दें इससे पहले भी विधायक अपनी ही सरकार पर हमला बोलकर चर्चा में रहे हैं। कोविड फंड में विधायक निधि के दुरुपयोग पर आपत्ति जताने के बाद अपनी बची विधायक निधि वापस मांगी थी। विधायक श्याम प्रकाश सपा छोड़कर चुनाव के पहले भाजपा में शामिल हुए थे और वह बसपा व कांग्रेस में भी रहे हैं।