shobhit University Gangoh
 

BJP Mission UP 2022: भाजपा ने शुरू की तैयारी, व्यूह रचना के तहत राधा मोहन सिंह को बनाया प्रदेश प्रभारी

BJP Mission UP 2022: भाजपा ने शुरू की तैयारी, व्यूह रचना के तहत राधा मोहन सिंह को बनाया प्रदेश प्रभारी

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी की नजर उत्तर प्रदेश पर बराबर रहती है। विधानसभा उप चुनाव में छह सीट बरकरार रखने के बाद अब उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी है। मिशन 2022 को लेकर भाजपा बेहद गंभीर है। केंद्रीय नेतृत्व ने इसकी तैयारी के लिए ही पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह को उत्तर प्रदेश का प्रभार सौंपा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह  को उत्तर प्रदेश में पार्टी का प्रभारी बनाया है। वहीं उन्होंने सुनील ओझा, सत्या कुमार और संजीव चौरसिया को उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी नियुक्त किया है। प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति को वर्ष 2022 में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की प्रारंभिक व्यूह रचना के तौर पर देखा जा रहा है।

वर्ष 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव सत्ताधारी भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी रह चुके राधा मोहन सिंह उत्तर प्रदेश की सियासी नब्ज को पहचानने के साथ पार्टी में अपनी सांगठनिक क्षमता के लिए जाने जाते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और जनसंघ से ताल्लुक रखने वाले राधा मोहन छह बार सांसद चुने जाने के अलावा बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री के रूप में यादगार पारी खेलने वाले राधा मोहन सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद करीबी और विश्वसनीय भी रहे हैं।

प्रभारी के तौर पर उनकी नियुक्ति कर भाजपा आला कमान प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश सरीखे कृषि प्रधान प्रदेश में उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, सियासी सूझबूझ और खेती-किसानी पर उनकी पकड़ का लाभ लेना चाहेगी। सुनील ओझा भी उप्र के सह प्रभारी रहे हैं। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उनकी सांगठनिक क्षमता को पहचानते हुए उन्हें प्रदेश का सह प्रभारी बनाया था। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी के चुनाव अभियान को संभालने में ओझा की अहम भूमिका रही है। कर्नाटक निवासी सत्या कुमार भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जबकि संजीव चौरसिया बिहार के दीघा विधानसभा क्षेत्र के तेजतर्रार विधायक हैं।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह को कर्नाटक, कौशांबी के भाजपा सांसद विनोद सोनकर को त्रिपुरा का प्रभारी नियुक्त किया है। बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी को बिहार और धौरहरा की सांसद रेखा वर्मा को उत्तराखंड का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने प्रदेश में नए प्रभारी और सह प्रभारियों को कुशल संगठनकर्ता बताते हुए उनकी नियुक्ति पर खुशी जतायी है। उन्होंने कहा है कि राधा मोहन सिंह के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में भाजपा का संगठन और सशक्त होने के साथ विस्तार भी लेगा।

Jamia Tibbia