BJP Manifesto UP Election 2022: अमित शाह बोले- भाजपा घोषणा नहीं संकल्प पत्र जारी करती है, लोक कल्याण का हमारा संकल्प

- भाजपा का लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करने के बाद अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने इसको संकल्प का नाम दिया है। सिर्फ भाजपा ही किसी काम को लेकर संकल्प ले सकती है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को लखनऊ में लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी किया है। गृह मंत्री अमित शाह के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के दिग्गजों के साथ इसको जारी किया। इस अवसर पर अमित शाह ने भाजपा तथा अन्य दलों के काम के अंतर को भी समझाया।
भाजपा का लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करने के बाद अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने इसको संकल्प का नाम दिया है। सिर्फ भाजपा ही किसी काम को लेकर संकल्प ले सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी काम को लेकर सिर्फ घोषणा तक ही सीमित नहीं रहती है। भाजपा देश तथा प्रदेश के विकास को लेकर संकल्पित है। भाजपा ने आज जिसको जारी किया है यह सिर्फ एक घोषणा पत्र नहीं है, यह तो यूपी सरकार का संकल्प है। इससे पहले 2017 के भाजपा के संकल्प पत्र में 212 संकल्प थे, जिनमें से 92 पूरे हो चुके हैं। हम वही करते हैं जो हम कहते हैं।
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने लगभग 86 लाख लघु और सीमांत किसानों का 36 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया है। इसके साथ किसानों को लगभग 4.72 लाख करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध कराने का काम किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में किसानों और खेती के लिए बहुत काम किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने किसानों के लिए हर वर्ष 6,000 रुपए उनके अकाउंट में भेजने का काम किया है, जिससे छोटे और मंझले किसानों को ऋण से मुक्त होने का फायदा मिला है।
भाजपा के चाणक्य अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का आर्थिक विकास हो, इन्फ्रास्ट्रक्चर के काम हो, सुशासन या सलामती देना हो, गरीब कल्याण के काम हो या शिक्षा का क्षेत्र हो, हमने हर क्षेत्र में हमारे सभी संकल्पों को पूरा किया है और हम आगे भी इसी इतिहास को बरकरार रखेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2012 से 2017 के बीच उत्तर प्रदेश में 700 से अधिक दंगे हुए, सैकड़ों लोग मारे गए। उत्तर प्रदेश में इसके कारण महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। व्यापारी पलायन करते थे और बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। आज पांच वर्ष बाद उत्तर प्रदेश में दंगे समाप्त हुए हैं। यूपी में आज कर्फ्यू नहीं लगता बल्कि धूम-धड़ाके से कांवड़ यात्रा निकलती है। उन्होंने कहा कि आज जब उत्तर प्रदेश में भाजपा के शासन के पांच साल बीत रहे हैं तो हम कह सकते हैं कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। आज हर बहन, बेटी अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा ने अगले पांच वर्ष के लिए उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के जीवन में परिवर्तन करने के अपने लक्ष्य को लेकर अपना नया लोक कल्याण सकंल्प पत्र जारी किया है। हम इसके तहत काम करके उत्तर प्रदेश को देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था वाला राज्य बना देंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह 25 करोड़ लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाला संकल्प पत्र है। पांच वर्ष पहले भी हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में संकल्प पत्र रखा था। उन संकल्पों को मंत्र बनाकर जो कहा था वो करके दिखाया। जो आगे बोलेंगे उनको भी करके दिखाएंगे।