महाराष्ट्र में सरकार गठन की संभावना तलाश रही भाजपा, जानें- क्या है समीकरण

- महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच भाजपा भी आगे की रणनीति बनानी शुरु कर दी है। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि क्या भाजपा महाराष्ट्र में शिवसेना के बागी विधायकों के सहयोग से सरकार बनाएगी?
मुंबई। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे की बगावत की पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में सरकार गठन की संभावना तलाश रही है। इस सिलसिले में रणनीति बनाने के लिए भाजपा ने कई बैठकें भी कीं।
देवेंद्र फड़नवीस सरकार में मंत्री रह चुके उक्त नेता ने कहा कि हमारी प्राथमिकता सत्ता का सुचारू हस्तांतरण है। सूत्रों ने बताया कि फड़नवीस समेत कई भाजपा नेताओं ने दिनभर संवैधानिक प्रविधानों, सरकार बनाने का दावा करने के लिए जरूरी संख्या बल और संभावित कानूनी अड़चनों पर मैराथन बैठकें कीं।
शिंदे और उनके समर्थक विधायकों के दल-बदल कानून के तहत अयोग्य होने और मध्यावधि चुनावों की आशंका के बारे में उक्त भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी जल्द चुनाव के पक्ष में नहीं है। इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि राज्य के ताजा राजनीतिक उथल-पुथल से उनकी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन शिंदे की ओर से अगर वैकल्पिक सरकार बनाने का कोई प्रस्ताव आया तो पार्टी निश्चित रूप से उस पर विचार करेगी।
एकनाथ शिंदे ने शिवसेना के सामने रखी ये शर्त
बताया जा रहा है कि शिंदे ने शर्त रखी है कि यदि शिवसेना महाविकास अघाड़ी से अलग होकर भाजपा के साथ आए तो वह पार्टी का साथ देने के लिए तैयार हैं। एकनाथ शिंदे ने कहा कि हम बालासाहब के पक्के शिवसैनिक हैं जिन्होंने हमें हिंदुत्व का पाठ पढ़ाया। हम सत्ता के लिए कभी धोखा नहीं देंगे और सत्ता के लिए बालासाहब और आनंद दिघे की शिक्षाओं को कभी नहीं भूलेंगे।
इन संभावनाओं पर नजर
इस समय विधानसभा में छह निर्दलीयों संग भाजपा की ताकत 112 है। रास चुनाव में उसे 123 विधायकों का समर्थन मिला। वहीं विधान परिषद चुनाव में 134 विधायक उसके साथ नजर आए। यदि शिंदे व अन्य बागी विधायक भाजपा के साथ आए तो राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर होगा।
भाजपा ने कहा, कोई प्रस्ताव आया तो पार्टी जरूर विचार करेगी
महाराष्ट्र भाजपा के प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि राज्य के ताजा राजनीतिक उथल-पुथल से उनकी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन शिंदे की ओर से अगर वैकल्पिक सरकार बनाने का कोई प्रस्ताव आया तो पार्टी जरूर विचार करेगी। उन्होंने स्वीकार किया कि भाजपा विधायक संजय कुटे ने व्यक्तिगत हैसियत से सूरत में शिंदे से मुलाकात की है।