देश व प्रदेश को भ्रष्टाचारमुक्त करने का काम कर रही हैं भाजपा सरकारें: मौर्य

- सहारनपुर में जनमंच सभागार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का स्वागत करते जनप्रतिनिधि।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारें देश व प्रदेश को भ्रष्टाचारमुक्त बनाने का काम कर रही हैं। पूर्व की सरकारों में मात्र 15 प्रतिशत धनराशि विकास पर खर्च की जाती थी। जबकि 86 प्रतिशत धनराशि की लूटखसोट होती थी। अब डीबीटी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं में मिलने वाली शत-प्रतिशत धनराशि लाभार्थी के खातों में पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 400 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज यहां गांधी पार्क स्थित जनमंच सभागार में भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के अभिभाषण पर आयोजित संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को देवतुल्य बताते हुए कहा कि जिस दिन कार्यकर्ता होने का एहसास होना भूल जाते हैं तभी पतन शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जिसमें साधारण कार्यकर्ता भी बड़े से बड़े पद पर पहुंच सकता है। निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व वर्तमान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू इसके उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व वर्तमान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि वे इतने बड़े पद पर पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार को नौ वर्ष व उत्तर प्रदेश की राज्य सरकार को छह वर्ष पूरे हो गए हैं। विगत विधानसभा चुनाव के दौरान भी विपक्षी दलों द्वारा भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार किया गया था। इसके बावजूद भी सहारनपुर की जनता ने भाजपा को पांच सीटों पर विजयश्री दिलाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तिरंगे की गूंज देश व दुनिया में हो रही है। उसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गूंज भी पूरे देश में हो रही है। श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने लंदन में जाकर जिस तरह भारत के लोकतंत्र को कमजोर बताने का काम किया है, वह देश की जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि यदि सपा, बसपा, कांग्रेस चुनाव जीतती है तो चुनाव आयोग, ईवीएम व लोकतंत्र सही है। यदि कहीं भारतीय जनता पार्टी जीतती है तो चुनाव आयोग, ईवीएम व लोकतंत्र को गलत ठहराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि ईडी व सीबीआई द्वारा डाले जा रहे छापों के दौरान नोट व सोन-चांदी की सिल्लियां मिल रही हैं। तब विपक्षी दलों द्वारा यह आरोप लगाया जा रहा है कि हम विपक्ष में हैं। इसलिए छापे पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या छापे ईमानदार व्यक्ति के घर पड़ेंगे।
अगर बेईमानी नहीं की है तो छापों के दौरान नोट व सोन-चांदी कहां से बरामद हो रहा है। मौर्य ने कहा कि 2014 के चुनाव में हमने 272 से अधिक सीटों का नारा दिया था तब जनता ने भाजपा को 282 सीटों पर जीत दर्ज कराई थी। 2019 के चुनाव में हमने 300 से अधिक सीटों पर जिताने की अपील की थी तो जनता ने हमें निराश नहीं किया। इसलिए मेरा मानना है कि 2024 के चुनाव में देश की जनता भाजपा को 400 से अधिक सीटें जिताने का काम करेगी। इसलिए सभी कार्यकर्ता 400 से अधिक सीटों पर जीत के लक्ष्य को लेकर तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश मिलने पर स्थानीय निकाय चुनाव भी सम्पन्न कराए जाएंगे।
इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दीप प्रज्जवलित कर संगोष्ठी का शुभारम्भ किया तथा भाजपा पदाधिकारियों द्वारा बड़ी माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। जबकि नगर विधायक राजीव गुम्बर द्वारा उन्हें मां शाकम्भरी की प्रतिमा भेंट की गई। इस दौरान सांसद प्रदीप चौधरी, लोनिवि राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक चौ. कीरत सिंह, विधायक देवेंद्र निम, भाजपा प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन, जिला प्रभारी डी. के. शर्मा, जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, निवर्तमान महापौर संजीव वालिया, पूर्व विधायक नरेश सैनी, पूर्व विधायक महावीर राणा, पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर, पूर्व विधायक महीपाल माजरा, पवन सिंह राठौर, विपिन चौधरी, क्षेत्रीय मीडिया सहसंयोजक गौरव गर्ग, मानसिंह गोस्वामी, किशोर शर्मा, बोधराम धीमान, डीसीडीएफ के सभापति कृष्ण कुमार पुंडीर, डीसीबी के चेयरमैन चौ. राजपाल सिंह समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।