किसान विरोधी हैं केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार: मनिनवाल

सहारनपुर [24CN] । जिला किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डा. सुरेंद्र मनिनवाल ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारें किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई हैं। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानून में किया गया कांट्रैक्ट फार्मिंग का प्रावधान किसानों के लिए घातक होगा तथा बड़ी-बड़ी कम्पनियों द्वारा किसानों की जमीन कब्जा ली जाएगी। डा. सुरेंद्र मनिनवाल आज यहां सर्वोदय विहार स्थित अपने आवास पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए मंडी व्यवस्था लागू की गई थी। साथ ही किसानों को उनकी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी निर्धारित किए जाने का प्रावधान किया गया था किंतु भाजपा की केंद्र सरकार ने अडानी व अम्बानी को लाभ पहुंचाने के लिए बिना विपक्ष व किसानों को विश्वास में लिए अध्यादेश के जरिए नए कृषि कानून लागू कर दिए गए हैं जो किसानों के हित में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की किसानों के प्रति संवेदनहीनता का पता भी इसी बात से चलता है कि किसान विगत एक माह से दिल्ली में भीषण ठंड के बावजूद आंदोलनरत हैं। इसके बावजूद सरकार द्वारा उनकी कोई सुध नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी सूरत में किसानों का शोषण व उत्पीडऩ बर्दाश्त नहीं करेगी तथा किसानों के शोषण व उत्पीडऩ के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। एक अन्य सवाल के जवाब में डा. मनिनवाल ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार को अपनी हठधर्मिता को छोड़कर देशहित में किसानों के साथ खुले मन से वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए ताकि देश का अन्नदाता किसान खुशहाल हो और देश प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सके। वार्ता के दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम सिंह राणा व युवा नेता विक्रांत मनिनवाल भी मौजूद रहे।