‘एसआईआर के नाम पर NRC लागू कर रही भाजपा सरकार’ अखिलेश ने भाजपा पर लगाया संविधान विरोधी होने का आरोप

‘एसआईआर के नाम पर NRC लागू कर रही भाजपा सरकार’ अखिलेश ने भाजपा पर लगाया संविधान विरोधी होने का आरोप

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया। कहा कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के जरिये सरकार चोरी-छिपे एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) लागू करने का काम कर रही है और सत्ता का खुला दुरुपयोग कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का बुनियादी चरित्र लोकतंत्र विरोधी है। एनआरसी का काम गृह मंत्रालय के अंतर्गत आता है, लेकिन भाजपा सरकार निर्वाचन आयोग के जरिये एसआइआर कराकर वही काम कर रही है। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा नकारात्मक सोच का प्रतिनिधित्व करती है। वह संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को नहीं मानती। जनता से झूठे वादे किए गए और लोगों को लगातार परेशान किया गया। जनता को कभी नोटबंदी, कभी वैक्सीनेशन, कभी कागजी कार्रवाई के नाम पर लाइनों में खड़ा रहना पड़ा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा संविधान के रास्ते पर चली है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान दशनाम जूना अखाड़ा, वाराणसी के साधु-संतों ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से भेंट की।