जिला पंचायत चुनाव में भाजपा को लगा करारा झटका, राज्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में सूपड़ा साफ

सहारनपुर [24CN] । सहारनपुर जिला पंचायत चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को अपेक्षानुरूप सीटें न मिलने से करारा झटका लगा है। उत्तर प्रदेश सरकार में आयुष मंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. धर्मसिंह सैनी के विधानसभा क्षेत्र नकुड़ की सभी जिला पंचायत सीटों पर बसपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों ने कब्जा जमा लिया। जबकि रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम की मेहनत व लोकप्रियता के चलते भाजपा सात में से पांच सीटों पर अपना परचम लहराने में कामयाब रही।

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने सहारनपुर जिला पंचायत सदस्य की सभी 49 सीटों पर प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा था। भाजपा द्वारा जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए किए गए प्रत्याशियों के चयन में भाजपा के आला पदाधिकारियों पर पुराने व समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप भी लगाया गया था। विगत दिवस सम्पन्न हुई मतगणना में सहारनपुर जिला पंचायत चेयरमैन की कुर्सी पर भाजपा को काबिज होने का सपना उस समय चकनाचूर हो गया जब जनपद की 49 सीटों में से भाजपा बामुश्किल 14 सीटों पर ही जीत हासिल कर अपनी इज्जत बचा पाई।

बेहट विधानसभा सीट पर वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व विधायक महावीर राणा की मेहनत व मजबूत पकड़ के चलते भाजपा 10 में से 4 सीटें जीतने में सफल रही। जबकि नकुड़ विधानसभा सीट से उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी डा. धर्मसिंह सैनी पार्टी के मौजूदा विधायक हैं तथा तीन बार बसपा के टिकट पर भी विधायक चुने जा चुके हैं। नकुड़ विधानसभा सीट के अंतर्गत आने वाली जिला पंचायत की 2 सीटों पर कांग्रेस, 1 सीट पर निर्दलीय व 6 सीटों पर बसपा अपना कब्जा जमाने में कामयाब रही। आलम यह रहा कि अधिकांश सीटों पर भाजपा प्रत्याशी दूसरे व तीसरे स्थान पर खिसक गए।

गंगोह विधानसभा सीट पर भाजपा के सुशील कम्हेड़ा व सविता सैनी जीत हासिल कर क्षेत्रीय सांसद प्रदीप चौधरी व क्षेत्रीय विधायक चौ. कीरतसिंह की इज्जत बचा पाई। वार्ड 23 से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी जीतना तो दूर मुख्य मुकाबले में भी नहीं आ पाए। आलम यह रहा कि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा तथा भाजपा के बागी प्रत्याशी चौ. नक्षत्र पाल सिंह कुछ मतों के अंतर से हार गए।

कुल मिलाकर जनपद में भाजपा अपेक्षानुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाई जिससे भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व व अंतर्कलह की कलाई खुलकर सामने आ गई। अब देखना है कि सहारनपुर में जिला पंचायत चेयरमैन की कुर्सी कब्जाने का मंसबा पाले भाजपा कोई गुल खिला पाती है या नहीं?