संविधान को समाप्त करना चाहती है भाजपा: भारती

- सहारनपुर में संविधान बचाओ सम्मेलन को सम्बोधित करते सपा अम्बेडकर वाहिनी के अध्यक्ष मिठाई लाल भारती।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाईलाल भारती ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव महज एक चुनाव ही नहीं बल्कि एक चुनौती है क्योंकि आजादी के 75 साल बीतने के बावजूद देश में संविधान सही तरीके से लागू नहीं किया गया है। इसके लिए भाजपा व कांग्रेस जिम्मेदार है। मिठाईलाल भारती कस्बा रामपुर मनिहारान के दिल्ली रोड स्थित एक पलेस में समाजवादी लाओ-संविधान बचाओ सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीब वर्ग को लाभ पहुंचाने संविधान के आर्टिकल लागू नहीं किए। जबकि भाजपा संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कांग्रेस व भाजपा को सांपनाथ नागनाथ बताते हुए सावधान रहने की अपील की।
उन्होंने कांग्रेस द्वारा संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेडकर के अपमान के प्रसंग बताते हुए कहा कि इस संविधान को बचाने की हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए संविधान को बचाने के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों को जिताकर सरकार बनाने की जरूरत है। सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि समाजवादी पार्टी में सभी जाति व धर्म के लोगों का हित सुरक्षित है क्योंकि सपा बिना किसी भेदभाव के सभी के विकास की बात करती है। जबकि भाजपा जनता को जाति व धर्म के नाम पर आपस में लड़ाकर पुन: सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में संविधान विरोधी भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
सम्मेलन को रामपुर मनिहारान विधानसभा प्रभारी जसवीर वालमीकि, ममता चौधरी, प्रमोद गौतम, पूर्व मंत्री विनोद तेजियान, गुलजान सलमानी, लियाकत अली एडवोकेट, अमरीश चौटाला, भूषण दत्त चौहान, आकाश पंवार खटीक, सुमन लता, सुखपाल भास्कर, ऋषिपाल सिंह, मजाहिर राणा, महजबी खान, चौ. सतनाम ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि मिठाईलाल भारती व जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेडकर व डा. राममनोहर लोहिया के चित्रों पर दीप प्रज्जवलित कर सम्मेलन का शुभारम्भ किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, जिला मीडिया प्रभारी राव वजाहत, वासिल तोमर, राव सुहेल शेखपुरा, राजेश सैनी बड़कला, इसरार प्रमुख, नगराध्यक्ष आफताप मलिक, बाबर सिद्दीकी, बिट्टू लम्बरदार, अभिषेक गुज्जर, सूरज प्रधान, सोनू नम्बरदार, विजय कश्यप, गौरव चौधरी, ठा. श्यामवीर, कंवरपाल गुर्जर, ममता शिवा आदि सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।