देश के विकास की राजनीति करती है भाजपा: बेनीवाल
सहारनपुर [24CN]। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र राष्ट्रवादी पार्टी है जिसके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने सर्वसमाज के कल्याण के लिए योजनाएं लागू कर अंतिम पाएदान पर बैठे व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने भाजपा के घोषणा पत्र को संकल्प पत्र बताते हुए कहा कि भाजपा दो तिहाई बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में पुन: सरकार बनाने का काम करेगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल आज यहां दिल्ली रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा मात्र एक राजनीतिक दल ही नहीं बल्कि एक परिवार है जो सभी धर्म व जाति के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर गरीब व बेसहारा वर्ग को इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है जिसकी बदौलत आज अनेक गरीब परिवारों के चेहरों पर रौनक दिखाई पड़ रही है। उन्होंने भाजपा के घोषणापत्र को संकल्प पत्र बताते हुए कहा कि जिस तरह भाजपा की प्रदेश सरकार ने पिछले पांच सालों में जनता की आशाओं के अनुरूप अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू करने का काम किया है, वहीं सत्ता में आने पर भाजपा घोषणा पत्र में शामिल किए गए अपने वायदों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा जहां देश के विकास एवं जनता के कल्याण की भावनाओं को ध्यान में रखकर राजनीति करती है। वहीं अन्य विपक्षी दल जनता को गुमराह कर अपना व अपने परिवार का भला करना चाहते हैं। ऐसे लोगों को जनता को सावधान रहने की जरूरत है। वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश अवस्थी, जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग भी मौजूद रहे।