‘राष्ट्र प्रथम की भावना से ही BJP बनी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी’, भाजपा स्थापना दिवस पर बोले CM योगी

‘राष्ट्र प्रथम की भावना से ही BJP बनी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी’, भाजपा स्थापना दिवस पर बोले CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसंघ काल से ही भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सिर्फ समाज और देश के लिए जीता है. उसका जीवन राष्ट्र प्रथम के भाव और इसकी ही संकल्प सिद्धि के लिए समर्पित रहता है. अपने संस्थापकों के सिद्धांतों, मूल्यों व आदर्शों पर आगे बढ़कर तथा कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव से ही आज भाजपा देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी राजनीति पार्टी के रूप में प्रतिष्ठित हुई है.

सीएम योगी सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर मानसरोवर रामलीला मैदान में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे. कार्यकर्ताओं को उत्साहित और प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनंतकाल तक भारत की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए हर राष्ट्रभक्त को भाजपा से जुड़ना चाहिए. हमारा जीवन व्यष्टि नहीं, समष्टि के लिए और व्यक्ति की बजाय राष्ट्र के लिए समर्पित हो, यही प्रेरणा पार्टी के संस्थापकों ने दी है.

कांग्रेस की पृथकतावादी सोच के खिलाफ डॉ. मुखर्जी ने बुलंद की आवाज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1951 में डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ/भाजपा की इस राजनीतिक परंपरा के पहले अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक यात्रा को आगे बढ़ाया. उस समय उन्होंने देश की अखंडता को सबके सामने रखा. सीएम ने कहा कि आजादी के बाद से ही कांग्रेस नेतृत्व की सरकार ने विश्वासघात करना प्रारंभ किया था.

ये विश्वासघात हर स्तर पर था. देश के अंदर ही परमिट सिस्टम लागू किया गया, जम्मू कश्मीर को अलग स्टेटस दे दिया गया. शेष भारत के लोग परमिट लेकर के वहां जाएंगे. पूर्वोत्तर के राज्यों में भी कुछ जगहों पर ये व्यवस्था लागू की गई. तब पहली बार कांग्रेस की इस पृथकतावादी सोच के खिलाफ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आवाज बुलंद की थी. उन्होंने नारा दिया था कि एक देश में दो प्रधान, दो निशान, दो विधान नहीं चलेंगे.

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने आप को इसके लिए बलिदान कर दिया. मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय का भी स्मरण किया. कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भारतीय राजनीति के एक ऐसे विचारक थे, जिन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति के लिए ‘अंत्योदय’ की नई दृष्टि भारतीय राजनीति को दी.

भारत की राजनीति में स्थिरता लाने का कार्य किया वाजपेयी जी ने

सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का गठन 6 अप्रैल 1980 को हुआ. तब परिस्थितियां विपरीत थीं लेकिन उन विपरीत स्थितियों में भी एक संकल्प था कि हम भारत की आत्मा के साथ प्रहार करने की छूट किसी को नहीं देंगे. उन्होंने कहा कि दुनिया के अंदर ऐसा उदाहरण देखने को नहीं मिलता है कि कोई दल गठित हो और गठन होने के मात्र 16 वर्ष के अंदर उसको देश की सत्ता प्राप्त हो. ये देश की जनता के अटूट निष्ठा का परिणाम है कि जिन मूल्यों और जिन आदर्शों को लेकर के भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ, जिसमें राष्ट्र सर्वोपरि का भाव है, राष्ट्र प्रथम का भाव है, और उस भाव को देश की जनता ने हाथोंहाथ लिया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करते हुए अंत्योदय की बात की. भारत की राजनीति में स्थिरता लाने का कार्य किया. विकास को बिना भेदभाव के हर एक तबके तक पहुंचाने के अभियान को आगे बढ़ाया, जिसे देश और दुनिया ने सराहा.

जनता को पीएम मोदी के चमत्कारिक नेतृत्व पर विश्वास

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2014 में भारत का सूर्योदय तब होता है जब गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी देश के अंदर प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हैं. तब देश ही नहीं, पूरी दुनिया के अंदर एक नया संकल्प गूंजा था. हर व्यक्ति के चेहरे पर एक नई चमक देखने को मिलती है. वह चमक ऐसे ही नहीं थी. उन्हें मोदी जी के चमत्कारिक नेतृत्व पर विश्वास था. इस बात पर विश्वास था कि मोदी जी आए हैं, कुछ नया जरूर करेंगे. मोदी जी ने वह करके दिखाया है.

पीएम मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने के साथ ही, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के एक देश-एक निशान और एक विधान के सपने को पूरा कर दिखाया है. कश्मीर में धारा 370 को समाप्त करके उन्होंने वहां भी भारत का संविधान लागू कराया. हर गरीब के लिए राशन, आवास, स्वास्थ्य सहित अनेकानेक योजनाओं का लाभ दिया. किसानों को खुशहाल बनाया, नौजवानों को रोजगार दिया. यह इसलिए संभव हो सका कि देश के अंदर भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के मूल्यों, सिद्धांतों से रचा-बसा एक कार्यकर्ता भारत के प्रधानमंत्री के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी पूर्वक कर रहा है.

राममंदिर के रूप में साकार हुआ अटल-आडवाणी का संकल्प

सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा ने ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ का जो संकल्प लिया था, वह भी आज डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में अयोध्या में साकार हो गया है. यह मंदिर राष्ट्रमंदिर है.

जो कहा, करके दिखाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा, वह करके दिखाया है. और, जो किया वही बोला है. भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है. आचार और विचार में कोई भेद नहीं है. पार्टी ने उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूरब से पश्चिम तक, एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाया है. ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ के भाव के साथ जिस दल ने अपनी इस यात्रा को यशस्वी ढंग से आगे बढ़ाया है, वह दल है भारतीय जनता पार्टी.

जितना बड़ा संगठन, उतनी ज्यादा चुनौतियां भी

सीएम योगी ने कहा कि अपनी यात्रा में भाजपा ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया है. आपातकाल का मुकाबला किया है और राजनीतिक षड्यंत्रों का जवाब दिया है. बिना रुके, बिना डिगे, बिना झुके भारतीय जनता पार्टी की यात्रा आगे बढ़ रही है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि जितना बड़ा संगठन होगा उतनी ज्यादा चुनौतियां भी होंगी. भारत आगे बढ़ेगा तो भारत के दुश्मन उसको स्वीकार नहीं कर पाएंगे. वे दुष्प्रचार करेंगे, तमाम प्रकार के षड्यंत्र करेंगे. उन सब की परवाह के बगैर हमें इस यात्रा को एकजुट होकर के आगे बढ़ाना है.

अंबडेकर जयंती तक होने वाले कार्यक्रमों की भी दी जानकारी

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में संविधान शिल्पी बाबासाहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी. बताया कि 13 अप्रैल को बूथ स्तर तक बाबा साहब अंबेडकर की मूर्तियों के आसपास और स्मृति पार्कों में स्वच्छता का एक विशेष अभियान चलेगा. इसके बाद वहां 14 अप्रैल को पुष्पांजलि के बड़े कार्यक्रम होंगे. सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए यह एक बड़ा कार्यक्रम होगा.

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने तय किया है कि प्रदेश भर में जहां कहीं भी बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमाएं होंगी, वहां पर प्रतिमा के ऊपर छत्र लगाने का काम कराया जाएगा. उनकी मूर्ति जहां स्थापित होगी, वहां के पार्क की बाउंड्रीवाल का निर्माण और उसके सुंदरीकरण का काम भी सरकार अपने पास ले रही है. उस कार्यक्रम का भी हम शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा जहां कहीं भी सद्गुरु रविदास जी महाराज, रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमाएं होंगी वहां पर भी सुंदरीकरण के कार्यक्रम आगे बढ़ाया जाएगा.

PM मोदी और CM मोदी के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ सर्वोच्च प्राथमिकता: रविकिशन

इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता को सशक्त राष्ट्र चाहिए. उसके लिए सनातन धर्म और बहन-बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है. यह कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बखूबी हो रहा है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के विजन में ‘राष्ट्र प्रथम’ ही सर्वोच्च प्राथमिकता है. उनका अपना कुछ नहीं है, सब कुछ राष्ट्र के लिए ही है.

स्थापना दिवस समारोह में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जनसंघ के संस्थापकों, कार्यकर्ताओं के सभी सपनों को देश मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरा किया गया है. स्वागत संबोधन भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने किया.

इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, नगर निगम के उप सभापति पवन त्रिपाठी, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, अयोध्या से आए संत रामबालक दास, ओमप्रकाश शर्मा, अच्युतानंद शाही, इंद्रमणि उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


Leave a Reply