पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्म दिवस सुशासन दिवस के रूप में मानाया गया

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्म दिवस सुशासन दिवस के रूप में मानाया गया
  • प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत सहारनपुर के 2.99 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 59.8 करोड़ रूपए

सहारनपुर [24CN] । उत्तर प्रदेश प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि अनुसंधान मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रतापशाही ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व प्रदेश सरकार पूरी तरह किसान हितैषी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों की किसान विरोधी नीतियों के चलते किसान आर्थिक रूप से कमजोर किया है जिस कारण भाजपा की सरकारें किसानों के उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही आज यहां मण्डी परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में आयोजित किसान सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह से सजग है।

उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेनेे के तुरंत बाद प्रदेश के 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रूपए का बैंक कर्ज माफ किया। उन्होंने कहा कि किसानों का वह कर्ज पिछली सरकारों की देन था। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारों ने किसानों को खुशहाल करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को संरक्षण देते हुए जहां वर्ष 2013-14 में प्रदेश में गन्ना की पैदावार 60 लाख मीट्रिक टन 20 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में होती थी। वहीं इस बार सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश में 25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों ने गन्ने की बुवाई की है। कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि अनुसंधान मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रिकॉर्ड धान और खाद्यान्न की पैदावार के साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की है।

उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जायेंगी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की केन्द्र सरकार ने किसानों को क्रेडिट कार्ड जारी कर चार प्रतिशत पर कर्ज उपलब्ध करा कर किसानों को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रधानमत्री तथा मुख्मंत्री के नेतृत्व में सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सक्षम करने का कार्य कर रही है। श्री शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने किसानों के मर्म को समझा और हर स्तर पर किसानों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहे। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के दौर में जब सब तरफ सभी सुविधाएं बन्द थी उस समय में भी सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि के रूप में किसानों के खातों में पैसा भेजकर उन्हे आर्थिक रूप से सक्षम करने का कार्य किया जाता रहा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का किसानों से सीधा संवाद व उद्बोधन का सजीव प्रसारण एल.ई.डी. स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जनपद के 2.99 लाख किसान भी लाभान्वित हुए। किसान सम्मेलन में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एस. चनप्पा, मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. महेन्द्र सिंह सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व विधायक राजीव गुम्बर, रविन्द्र मौल्हू, अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, संयुक्त कृषि निदेशक डी.एस.राजपूर, उप निदेशक कृषि राम जतन मिश्र सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।