बिना नंबर प्लेट की बाइक, चेहरे पर हेलमेट… गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक को चाकुओं से गोदा, हालत नाजुक

बिना नंबर प्लेट की बाइक, चेहरे पर हेलमेट… गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक को चाकुओं से गोदा, हालत नाजुक

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। लोकप्रिय यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर उनके ही घर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार सुबह अशोक विहार कॉलोनी में हुई। दो हमलावर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से पहुंचे थे और हेलमेट पहने हुए थे, जिसे उन्होंने मौके पर नहीं उतारा। दोनों आरोपी सीधे वास्टिक के घर के अंदर बने छोटे से ऑफिस में घुस गए और उन पर गर्दन व पेट में कई वार किए।

गला काटने भी की कोशिश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने उनका गला काटने की भी कोशिश की। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तुरंत पास के एक 50 बेड के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल रेफर कर दिया।

फिलहाल वहां उनका इलाज जारी है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना पुलिस को सुबह करीब 8 बजे डायल 112 के जरिए मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की पहचान सलीम पुत्र नूर हसन के रूप में की गई। पुलिस ने तुरंत उन्हें अस्पताल भिजवाया।

बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज

इस मामले में वास्टिक के बेटे उस्मान की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। शिकायत में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों के अलावा अशफाक, सोनू, शाहरुख नेता, भाटी बिल्डर और एक स्थानीय AIMIM नेता अजगर का नाम शामिल किया गया है।

उस्मान ने आरोप लगाया है कि इन सभी ने मिलकर उनके पिता पर हमले की साजिश रची। उन्होंने पुलिस से सबूत जुटाकर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे की वजह की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि सलीम वास्टिक सोशल मीडिया और टीवी डिबेट्स में अपनी पहचान बना चुके हैं। वह खुद को पूर्व मुस्लिम बताते रहे हैं और अपने बयानों को लेकर पहले भी चर्चा में रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।


Leave a Reply