UP में लाखों शिक्षकों-कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, सरकार ने बढ़ाई ग्रेच्युटी सीमा
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए एडेड माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी है. 16 मार्च को जारी शासनादेश के तहत यह राहत दी गई है, जिससे करीब ढाई लाख कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा.
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत होने की स्थिति में ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 25 लाख रुपये तय की गई है. यह निर्णय वेतन समिति उत्तर प्रदेश 2016 की सिफारिशों के आधार पर पेंशन और उपादान से जुड़े नियमों में संशोधन के तहत लिया गया है, जो अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों-कर्मचारियों के लिए अहम माना जा रहा है.
योगी सरकार के शासनादेश में क्या?
शासनादेश में बताया गया है कि पूर्व में 7 मई 2017 को जारी आदेश के तहत 60 वर्ष की आयु के विकल्प पर सेवानिवृत्ति और मृत्यु ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख रुपये निर्धारित थी. अब वित्त विभाग के 23 दिसंबर 2016 और 2 जुलाई 2024 के प्रावधानों के अनुरूप, सम्यक विचार के बाद यह सीमा बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की स्वीकृति दी गई है.
इस संबंध में वित्त विभाग की सहमति 6 मार्च 2026 को प्राप्त होने के बाद आदेश जारी किया गया, जिससे एडेड माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों को बढ़ी हुई ग्रेच्युटी का लाभ मिलेगा.
