हरियाणा चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका, नीलोखेड़ी के उम्मीदवार ने कांग्रेस का दामन थामा

हरियाणा चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका, नीलोखेड़ी के उम्मीदवार ने कांग्रेस का दामन थामा

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। नीलोखेड़ी (सुरक्षित) सीट से AAP उम्मीदवार अमर सिंह ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। वह बुधवार को पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। बाजवा ने कहा कि अमर सिंह का कांग्रेस में स्वागत है और वह बिना किसी शर्त के पार्टी में शामिल हुए हैं।

प्रियंका गांधी का बयान: यह लड़ाई अन्याय के खिलाफ

इस बीच, प्रियंका गांधी भी हरियाणा में प्रचार कर रही हैं। उन्होंने विनेश फोगाट के समर्थन में रैली की और कहा कि यह लड़ाई दुष्टों के खिलाफ है और भाजपा को सत्ता से हटाना आवश्यक है।

अमर सिंह का बीजेपी पर हमला

कांग्रेस में शामिल होते ही अमर सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस ही भाजपा सरकार को हराने में सक्षम है। अमर सिंह ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उसने किसानों, महिलाओं, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय किया है, और इसलिए वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं ताकि भाजपा को हराया जा सके।

कांग्रेस उम्मीदवार का करेंगे समर्थन

अमर सिंह ने कांग्रेस उम्मीदवार धर्मपाल गोंदर का समर्थन करने का ऐलान किया है और उनके लिए प्रचार भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि नीलोखेड़ी में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है, और उनकी उम्मीदवारी जारी रहने से भाजपा को फायदा हो सकता था, जिसे रोकने के लिए उन्होंने कांग्रेस का साथ चुना है।

फरीदाबाद में भी AAP को झटका

अमर सिंह से पहले फरीदाबाद सीट से आप उम्मीदवार प्रवेश मेहता ने भी AAP को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उन्होंने 28 सितंबर को केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और वरिष्ठ नेता विपुल गोयल की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होकर बीजेपी उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया था।

हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे।


विडियों समाचार