होली से पहले सहारनपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
- सहारनपुर में दूध फैक्ट्री जांच करते खाद्य विभाग विभाग के अधिकारी।
सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल के दिशा-निर्देश पर होली के मद्देनजर खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में महानगर की मिगलानी बिल्डिंग के पास स्थित चोपडा फक्ट्री पर सिटी मजिस्ट्रेट और खाद्य विभाग की टीम ने एक दूध व मावा बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारकर कर वहां मौजूद दूध, दही, क्रीम व मावे के छह सैंपल भरे जो जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि टॉयलेट के पास ही दूध और मावा तैयार किया जा रहा था, जबकि दूध को बर्फ में दबाकर रखा गया था। टीम ने मामला गम्भीर व संदिग्ध मानते हुए सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह और साहायक आयुक्त खाद्य अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि होली के त्योहार को देखते हुए जिले भर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जहां से शिकायत या सूचना मिलेगी, वहां तत्काल छापेमार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कार्यवाही के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, सहायक आयुक्त (खाद्य) मनोज कुमार वर्मा के अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार, जगदम्बा प्रसाद् एवं जवाहर लाल शामिल रहे।
