भूपेंद्र सिंह चौधरी का अखिलेश पर तीखा पलटवार, कहा- पहले परिवार में सद्भाव बनाएं, फिर प्रदेश की बात करें

भूपेंद्र सिंह चौधरी का अखिलेश पर तीखा पलटवार, कहा- पहले परिवार में सद्भाव बनाएं, फिर प्रदेश की बात करें
  • UP Political News भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को रह-रह कर सपा सरकार का जंगलराज याद आता है इसीलिए वह बार-बार प्रदेश में कानून व्यवस्था की बात करते रहते हैं।

 लखनऊ। भाजपा से सामाजिक सद्भाव को खतरा बताने पर सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि जो अपने परिवार में सामाजिक सद्भावन नहीं बना पाया, वह प्रदेश में सद्भाव की बात कर रहा है। अखिलेश को सलाह दी कि पहले अपने परिवार में सद्भाव बनाएं फिर प्रदेश की बात करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को रह-रह कर सपा सरकार का जंगलराज याद आता है, इसीलिए वह बार-बार प्रदेश में कानून व्यवस्था की बात करते रहते हैं, जबकि सपा सरकार के दौरान आम आदमी थानों में तो महिलाएं और बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं।

उन्होंने कहा कि हाल ही में आए नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़े प्रदेश में कानून व्यवस्था में व्यापक पैमाने पर आए सुधारों की गवाही दे रहे हैं। यह आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि प्रदेश ने कानून व्यवस्था के मामले में उदाहरण प्रस्तुत किया है। यूपी माडल को दूसरे राज्य अपना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में प्रदेश में रोजाना दंगे होते थे, जबकि अब प्रदेश दंगामुक्त हो चुका है। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में भी कमी आई है। इतना ही नहीं, प्रदेश से संगठित अपराध समाप्त हो चुका है और माफिया पर सरकार पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पहले दिन से प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जा रही है और भविष्य में भी अपनाई जाएगी। अपराधी छोटा हो या बड़ा, कानून के हिसाब से बिना भेदभाव के कार्रवाई जारी रहेगी।

बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार में आपराधिक घटनाओं को सही तरीके से दर्ज नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा, भाजपा राज में महिला अपराध में यूपी नंबर वन है। एनसीआरबी के आंकड़ों में उत्तर प्रदेश में जंगलराज साफ दिखाई पड़ता है। बावजूद इसके भाजपा को आधी-अधूरी रिपोर्ट का ढोल पीटने में संकोच नहीं है।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे