भारतीय किसान यूनियन रक्षक ने कलेक्ट्रेट पर दिया ज्ञापन
- सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते भाकियू रक्षक के पदाधिकारी।
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन रक्षक के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ओहलान के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक कर जिलाधिकारी सहारनपुर को क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं एवं जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने बताया कि नागल बस स्टैंड पर फ्लाईओवर न होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। जनसुरक्षा को देखते हुए यहां शीघ्र फ्लाईओवर का निर्माण कराए जाने की मांग की गई। इसके साथ ही भारतीय किसान यूनियन रक्षक ने यूजीसी (यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन) कानून का कड़ा विरोध करते हुए प्रधानमंत्री से इसे वापस लेने की मांग की। संगठन का कहना है कि यह कानून समाज को बांटने वाला है और इससे जातिगत भेदभाव को बढ़ावा मिलेगा, जो देशहित में नहीं है। ज्ञापन में तीसरी प्रमुख मांग के रूप में बजाज शुगर मिल, गंगनौली पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना का आरोप लगाया गया।
संगठन ने कहा कि मिल द्वारा गन्ना किसानों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। अतः गन्ना भुगतान शीघ्र कराए जाने की मांग की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रविंद्र सैनी, प्रदेश प्रभारी सुनील राणा, जिला प्रभारी राहुल फौजी, अजीत सैनी, सरदार बलकार सिंह, अमित ओहलान, अमित शर्मा, अनिरुद्ध त्यागी, पुनीत चैधरी, बिल्लू त्यागी, सचिन जाट, मोहित, चैधरी शाह आलम, शाहनवाज आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
