भाकियू ने सांकेतिक जाम लगाकर जिला मुख्यालय पर किया विरोध प्रदर्शन

भाकियू ने सांकेतिक जाम लगाकर जिला मुख्यालय पर किया विरोध प्रदर्शन
  • सहारनपुर में जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN]। भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक से जुड़े किसानों ने विभिन्न मांगों के समर्थन में जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट तिराहे पर सांकेतिक जाम लगाकर प्रदर्शन किया तथा किसानों की समस्याओं का अविलम्ब समाधान कराए जाने की मांग की।

भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के बैनर तले किसान प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. विनय कुमार व जिलाध्यक्ष चौ. चरणसिंह के नेतृत्व में कलक्ट्रेट स्थित खनन अनुभाग परिसर में एकत्रित हुए जहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट तिराहे पहुंचे तथा मांगों के समर्थन में सांकेतिक जाम लगाया। इसके बाद किसान कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गए। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

धरने को सम्बोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. विनय कुमार ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारें लगातार किसानों की मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए किसान विरोधी तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ देश का किसान लगभग एक साल से आंदोलनरत है। इसके बावजूद भी इन तीनों कृषि कानूनों को अभी तक वापस नहीं लिया गया है।

जिलाध्यक्ष चौ. चरणसिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 15 अक्टूबर से पूर्व चीनी मिलों को चलाने की घोषणा की थी परंतु अब तक जनपद एक भी चीनी मिल में पेराई कार्य शुरू नहीं किया गया है। इस कारण किसानों को गेहूं व सरसों की फसल की बुवाई करने में देरी हो रही है। उन्होंने दीपावली से पूर्व किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की भी मांग की।

धरने में जिला महासचिव चौ. अशोक कुमार, संजय चौधरी, मनमोहन सिंह, चौ. मेवाराम, अरूण राणा, मुकेश तोमर, मा. रघुवीर, भूपेंद्र त्यागी, संजील सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।