विभिन्न मांगों को लेकर भाकियू पथिक ने सौंपा ज्ञापन

विभिन्न मांगों को लेकर भाकियू पथिक ने सौंपा ज्ञापन
  • सहारनपुर में नगर मैजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपने जाते भाकियू पथिक के पदाधिकारी।

सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन पथिक की मासिक बैठक में बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं की फसल को हुए नुकसान का सर्वे कराकर पीडि़त किसानों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की गई।

कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित मासिक बैठक को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसानों ने गेहूं की फसल तैयार की थी जिसकी 15-20 दिन बाद कटाई होनी थी लेकिन बेमौसम बारिश, हवा एवं ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन व जिला प्रशासन से गेहूं की खराब हुई फसलों का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की ताकि उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि किसान विरोधी नीतियों के कारण किसानों पर चढ़े अरबों-खरबों का कर्ज केंद्र सरकार को माफ करना चाहिए।

मासिक बैठक के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन नगर मैजिस्ट्रेट को सौंपकर एमएसपी न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने, गन्ना एक्ट के अनुसार गन्ना मूल्य भुगतान 14 दिन के बाद ब्याज सहित दिलवाने, आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भिजवाने, 60 वर्ष की आयु के किसानों व मजदूरों को 5 हजार रूपए मासिक पेंशन दिलाने तथा बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान रफत हुसैन, मौसम, मदन चौधरी, जौनी, राजीव, सोमपाल स्वामी, संजीव, राजा सैनी, देवीदयाल, सुखवीर, रविंद्र, सुनील, शिवचरण, आर्यमन राणा, मांगेराम, परम राणा, सुनील राणा, अजय राणा समेत भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।