कृषि कानून वापस लिए जाने पर भाकियू बेदी ने जताई खुशी

- सहारनपुर में तीनों कृषि वापस लिए जाने पर खुशी मनाते भाकियू बेदी के पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। भारतीय किसान यूनियन बेदी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार द्वारा तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने पर खुशी व्यक्त की तथा किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। भारतीय किसान यूनियन बेदी के मुख्य कार्यालय पर एकत्र होकर किसानों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बेदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा का स्वागत किया।
इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने किसान आंदोलन में शहीद किसानों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। किसानों को सम्बोधित करते हुए राहुल बेदी ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार किसानों की सभी जायज मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक किसानों का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र की मोदी सरकार इन तीनों कृषि कानूनों को लागू नहीं करती तो देश के लाखों किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़ता और न ही किसानों को अपनी जान गंवानी पड़ती।
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान देश में लगभग 700 किसान शहीद हुए हैं। इसलिए केंद्र सरकार को देश की जनता व किसानों से घर-घर जाकर माफी मांगनी चाहिए और शीघ्र ही किसानों की सभी जायज मांगों को पूरा करने की घोषण करनी चाहिए जिससे किसानों की आय दोगुनी हो सके। उन्होंने कीटनाशकों, कृषि उपकरणों, ट्रैक्टर आदि से जीएसटी हटाए जाने की मांग भी की।