कोलकाता : बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने आखिरकार गुरुवार को कैबिनेट की सिफारिश को मंजूर करते हुए राज्य विधानसभा का बजट सत्र आगामी सात मार्च से आयोजित करने की अनुमति दे दी है। हालांकि बजट सत्र के समय को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इस बार विधानसभा का बजट सत्र सात मार्च की रात दो बजे से शुरू होगा। इस बात की जानकारी खुद राज्यपाल ने ट्वीट कर दी है।

राज्यपाल ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 174 (1) को लागू करते हुए कैबिनेट के निर्णय को स्वीकार करते हुए विधानसभा सत्र सात मार्च को रात दो बजे से बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि आधी रात के बाद यानी रात दो बजे से विधानसभा की बैठक असमान्य घटना है और एक प्रकार से यह इतिहास में पहली बार हो रहा है, लेकिन यह कैबिनेट का निर्णय है।

दूसरी ओर, राज्यपाल द्वारा रात दो बजे से सत्र बुलाए जाने के बारे में पूछे जाने पर विधानसभा के अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने राज्य सरकार का बचाव करते हुए कहा कि टंकण (टाइपिंग) में कोई त्रुटि रही होगी जिसे टाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जब भी सूचना भेजी थी उन्होंने दोपहर दो बजे का उल्लेख किया था। अब यह कैबिनेट को तय करना है।