कोलकाता । कोरोना संक्रमण के बीच बंगाल विधानसभा चुनाव के सातवें दौर का मतदान सोमवार सुबह सात बजे शुरू होगा। यह दौर चुनाव आयोग के लिए अग्नि परीक्षा से कम नहीं है। क्योंकि, चुनावी हिंसा के लिए कुख्यात मुर्शिदाबाद और मालदा में वोट डाले जाएंगे। यही वजह है कि इन दोनों ही जिलों में दो चरणों में मतदान कराने का निर्णय लिया गया है। बांग्लादेश की सीमा से लगे होने के चलते चुनौती और भी बड़ी है। आयोग का ध्यान अब सुरक्षा इंतजाम के साथ-साथ कोरोना महामारी से बचाव पर भी है। इस बाबत प्रशासन और चुनाव कर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
इस चरण में कोलकाता की चार, मालदा की छह, मुर्शीदाबाद की नौ, दक्षिण दिनाजपुर की छह और पश्चिम बर्द्धमान जिले की नौ विधानसभा सीटों के 11,376 बूथों पर 81.88 लाख वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सातवें चरण में आयोग ने केंद्रीय सुरक्षा बलों की 796 कंपनियों को तैनात किया है। बता दें कि 34 सीटों के लिए 267 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 37 महिलाएं शामिल हैं। पहले इस चरण में 36 सीटों पर मतदान होना था, लेकिन मुर्शिदाबाद जिले की जंगीपुर व शमशेरगंज के एक-एक प्रत्याशी की कोरोना से मौत होने की वजह से वहां अब 16 मई को वोट डाले जाएंगे। इस वजह से प्रत्याशियों की संख्या भी 284 से घटकर 267 हो गई।
चर्चित चेहरे
तृणमूल कांग्रेस- फिरहाद हकीम, सुब्रत मुखर्जी व शोभनदेव चट्टोपाध्याय
भाजपा- अभिनेता रूद्रनील घोष, विख्यात अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी, आसनसोल के पूर्व मेयर जीतेंद्र तिवारी व मशहूर फैशन डिजाइनर अग्निमित्रा पाल।
संयुक्त मोर्चा- जेएनयू की छात्र संघ की अध्यक्ष आइशी घोष व आभास राय चौधरी (माकपा) और मइनुल हक और आबू हेना (कांग्रेस)।
