रामनवमी से पहले दिग्विजय सिंह पहुंचे रामलला के दरबार, कहा- जब प्रभु का बुलावा आता है तो…

रामनवमी से पहले दिग्विजय सिंह पहुंचे रामलला के दरबार, कहा- जब प्रभु का बुलावा आता है तो…
digvijaya-singh

New Delhi : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और निवर्तमान राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या में राम मंदिर पहुंचकर राम लला के दर्शन दिए. इस दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की.

दर्शन के बाद कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, “जब प्रभु का बुलावा आता है तो हर व्यक्ति आ जाता है इसलिए जब मुझे बुलावा आया, तो मैं उपस्थित हो गया. प्रभु के दर्शन करके अच्छा लगा.कांग्रेस में हर व्यक्ति अपनी आस्था अनुसार धर्म का पालन करता है. हम धर्म का दुरुपयोग ना तो व्यवसाय के लिए करते हैं और ना राजनीति के लिए करते हैं.”

रामनवमी के मौके पर अयोध्या पहुंचे कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने भगवान राम के प्रति अपनी आस्था जाहिर की. उन्होंने कहा कि भगवान राम सबके इष्ट हैं और उनकी जन्मभूमि की सर्वमान्यता है. दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर आंदोलन और निर्माण को लेकर कहा कि हर व्यक्ति अपनी-अपनी आस्था के अनुसार प्रभु राम की पूजा करता है. उन्होंने यह भी बताया कि उनका निवास राघोगढ़ में राघव जी के मंदिर के नाम से है, जो उनकी व्यक्तिगत आस्था को दर्शाता है. वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के रामलला दर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब राहुल गांधी ही दे सकते हैं और उन्हें इस पर कोई एतराज नहीं है.

दिग्विजय सिंह के अयोध्या पहुंचने पर महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया.