जेल जाने से पहले श्रीकांत त्यागी का ‘हृदय परिवर्तन’, मीडिया से कहा- ‘वह मेरी बहन की तरह’

- मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान जब लोगों ने उसे चेहरे से मास्क हटाने के लिए कहा तो उसने आंखें तरेर दीं। मास्क हटाने की लिए बढ़े पुलिसकर्मी को भी उसने रोक दिया। हालांकि चंद सेकेंड के लिए इस दौरान उसने खुद ही मास्क उतारा।
नोएडा। नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में एक महिला से मारपीट और गाली-गलौज के मामले में गिरफ्तारी के बाद आरोपित श्रीकांत त्यागी के तेवर थोड़ नरम पड़े हैं। मंगलवार को जेल जाने के दौरान श्रीकांत त्यागी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महिला मेरी बहन की तरह है। इसके साथ यह भी आरोप लगाया कि यह सब राजनीति के चलते किया गया है।
हैरत की बात है कि इससे पहले मेरठ से गिरफ्तार कर नोएडा लाए गए श्रीकांत त्यागी ने पुलिस की पत्रकार वार्ता के दौरान भी हेकड़ी दिखाता नजर आया। इस दौरान जब उसे मास्क उतारने के लिए कहा गया तो वह अकड़ते हुए आंख दिखाने लगा। वहीं, जेल जाने के उसका ‘ह्रदय परिवर्तन’ हो गया और उसने कहा कि पीड़ित महिला उसकी बहन की तरह है
राजनीति खत्म करने की साजिश
बता दें कि मेरठ से गिरफ्तार करने के बाद श्रीकांत त्यागी को सूरजपुर कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। वहीं, कोर्ट से जेल जाने के दौरान मीडियाकर्मियों से बात करते हुए श्रीकांत त्यागी ने कहा कि जिस महिला के साथ उसने मारपीट की वह उसकी बहन की तरह है। श्रीकांत त्यागी ने दावा किया है कि यह घटना राजनीतिक थी और यह उसे राजनीतिक रूप से खत्म करने के लिए किया गया था।
बहन की तरह है महिला
श्रीकांत त्यागी ने अदालत से जेल ले जाने के दौरान कहा कि मैं घटना पर खेद व्यक्त करता हूं। वह मेरी बहन की तरह है, घटना राजनीतिक है और मुझे राजनीतिक रूप से समाप्त करने के लिए किया गया है।
अलग-अलग नंबरों से कर रहा था पत्नी से बात
वहीं, श्रीकांत त्यागी नोएडा पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग नंबर से पत्नी से बात कर रहा था। सोसायटी में होने वाली हर गतिविधि की जानकारी श्रीकांत सोसायटी में ही मौजूद अपने करीबियों से अलग-अलग नंबर पर ले रहा था। इस दौरान अलग-अलग नंबर से उसने कई बार पत्नी से बात भी की।
मंगलवार को कई बार दिखाए थे तेवर
सोमवार रात को जब उसकी बाद पत्नी से हुई, उसी दौरान वह पुलिस के निशाने पर आ गया। थोड़ी ही देर बाद पत्नी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और गिरफ्तारी के बाद घर वापस भेज दिया। गिरफ्त में आने के बाद भी नहीं टूटी अकड़ गिरफ्तारी के बाद भी श्रीकांत का तेवर और तरीका किसी पेशेवर दबंग जैसा ही रहा।