आयकर विभाग की तलाशी पर BBC ने दी पहली प्रतिक्रिया, BJP बोली- बीबीसी दुनिया का सबसे बकवास और भ्रष्ट कॉरपोरेशन

आयकर विभाग के तलाशी अभियान पर बीबीसी की पहली प्रतिक्रिया आई है। वहीं भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि बीबीसी दुनिया का सबसे बकवास और भ्रष्ट कॉरपोरेशन है। भाजपा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा है।
नई दिल्ली। बीबीसी के दफ्तरों पर आयकर विभाग (आईटी) के तलाशी अभियान के मुद्दे पर भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। कांग्रेस प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। उन्होंने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस को ये याद रखना चाहिए कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बीबीसी पर प्रतिबंध लगाया था।
बीबीसी दुनिया का सबसे बकवास और भ्रष्ट कॉरपोरेशन
गौरव भाटिया ने बीबीसी पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीबीसी दुनिया का सबसे बकवास और भ्रष्ट कॉरपोरेशन है। भाटिया ने कहा कि बीबीसी का प्रोपेगेंडा और कांग्रेस का एजेंडा साथ-साथ चलते हैं।
IT की तलाशी पर बीबीसी की प्रतिक्रिया
उधर, आईटी की कार्रवाई पर बीबीसी ने प्रतिक्रिया दी है। बीबीसी ने कहा कि वह भारत के आयकर अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है। बीबीसी ने ट्वीट कर कहा कि हमें उम्मीद है कि स्थिति का जल्द समाधान हो जाएगा।
अघोषित आपातकाल: कांग्रेस
इससे पहले कांग्रेस ने आईटी की कार्रवाई को अघोषित आपातकाल कहा। कांग्रेस ने कहा कि पहले बीबीसी की डॉक्युमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब बीबीसी पर आईटी का छापा पड़ गया है। ये अघोषित आपातकाल है।
विवादों में BBC की डॉक्युमेंट्री
बीबीसी की विवादित डॉक्युमेंट्री को लेकर हाल ही में काफी बवाल हुआ था। बीबीसी की डॉक्युमेंट्री 2002 में गुजरात दंगों पर बनाई गई थी। केंद्र सरकार द्वारा इस डॉक्युमेंट्री की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। देश की कई यूनिवर्सिटियों में इसकी स्क्रीनिंग के लिए बवाल भी हुआ था।