दूसरे दिन भी जारी रही बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, किया प्रदर्शन

दूसरे दिन भी जारी रही बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, किया प्रदर्शन
  • सहारनपुर में घंटाघर पर नारेबाजी कर प्रदर्शन करते बैंक कर्मचारी।

सहारनपुर [24CN]। एआईबीईए, एआईबीओए एंड बैफी के बैनर तले केंद्र सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ बैंक कर्मचारियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा की घंटाघर शाखा पर जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा केंद्र सरकार से बैंक के निजीकरण की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बैंक कर्मचारी घंटाघर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा पर एकत्र हुए तथा केंद्र सरकार की नव उदारवादी आर्थिक नीतियों एवं प्रतिगामी बैंकिंग सुधारों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए यूपी बैंक इम्पलाइज यूनियन के अध्यक्ष साथी राजीव कुमार जैन ने कहा कि हम चार लेबर कोड को समाप्त करने की मांग करते हैं क्योंकि ये श्रम संहिताएं हमारे देश के श्रमिक वर्ग के हितों पर कुठाराघात है। बैंकों में जमा धनराशियों पर ब्याज की दरें बढ़ाई जाएं ताकि हमारे जमाकर्ताओं को लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि बैंकों के अंदर आउटसोर्सिंग को बंद किया जाए तथा नई भर्ती की जाएं। जो अनुबंध कर्मचारी/ बैंकमित्र कार्यरत हैं, उन सभी को बैंक सेवा में नियमित किया जाए। उन्होंने कहा कि हमारे श्रम संगठनों का मानना है कि सरकार की जनविरोधी और कामगार विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करना हमारे संगठनों का सर्वोपरि कर्तव्य है। इसलिए हम केंद्र सरकार के विरूद्ध समय-समय पर संघर्षरत रहते हैं। विगत 30 वर्षों में लगभग 50 हड़ताल हमारे संगठन द्वारा की गई हैं।

एआईबीओए के सचिव राजीव माहेश्वरी ने कहा कि नई पेंशन योजना को समाप्त करके महंगाई भत्ते से जुड़ी पेंशन को बहाल किया जाए तथा सेवानिवृत्त साथियों के लिए पेंशन को अपडेशन किया जाए। उन्होंने मांग की कि बैंकों का अरबों-खरबों रूपया जो कारपोरेट घरानों द्वारा दबाया हुआ है, उसकी वसूली के लिए सख्त से सख्त कानून बनाया जाए तथा इसकी वसूली के लिए त्वरित कार्यवाही की जाए।

प्रदर्शनकारियों को प्रदीप गुप्ता, राहुल कपिल, ओ. पी. शिवा, अतुल चोपड़ा, संजीव शर्मा, उपेंद्र शर्मा, सोनू तिवारी, राजेश, सोहन सिंह, अतुल सिंघल, वीरकुमार जैन, राजकुमार शर्मा, आशीष कुमार, सतीश छाबड़ा, अजय कर्णवाल ने भी सम्बोधित किया।

प्रदर्शनकारियों में अमित कुमार, नावेद अली, शंातिस्वरूप अरोड़ा, रोहित काम्बोज, सुरेश कुमार, दीपक कुमार, गौरव सिंह, विवेक कुमार, सौरभ चौपड़ा, विकास चौहान, मदन सिंह, योगेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, हरिनिवास, मुकेश जैन, मुकेश कुमार, चंद्रमोहन, संजय कुमार, महेंद्र कुमार, नैना अनेजा, शिवानी अरोड़ा, सौरभ अग्रवाल, रोहित सहगल, दिव्या धीमान, पायल अरोड़ा, आंचल पुंडीर, कविता सैनी, मौहम्मद आरिफ आदि मौजूद रहे।