सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गरजे बैंक कर्मचारी, किया प्रदर्शन

सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गरजे बैंक कर्मचारी, किया प्रदर्शन
  • सहारनपुर में केंद्र सरकार की कर्मचारी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करते बैंक कर्मचारी।

सहारनपुर [24CN]। एआईबीईए, एआईबीओए एवं बैफी के बैनर तले केंद्र सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ बैंक कर्मचारियों ने पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बैंक कर्मचारी दिल्ली रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर एकत्र हुए तथा कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए यूपी बैंक इम्पलाइज यूनियन के सचिन साथी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि हमारे देश का कामगार वर्ग 28 व 29 मार्च को देशव्यापी हड़ताल कर रहा है। हमारी यूनियन का दृढ़ मत है कि भारत जैसी विकासशील अर्थव्यवस्था के व्यापक विकास का आकार देने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। सार्वजनिक क्षेत्र विकास का मुख्य इंजन है। इसलिए बैंकों के राष्ट्रीयकरण के लिए संघर्ष किया गया और 1969 में इसे हासिल करने में सफलता प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि विगत तीन दशकों से बैंकों के निजीकरण के उद्देश्य से बैंकिंग सुधारों का हमारी यूनियंस लगातार विरोध कर रही हैं। सार्वजनिक क्षेत्र देश की मदद करता है। जबकि निजी क्षेत्र मालिक की जेब भरता है। इसलिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को सुदृढ़ किया जाए और बैंकों का निजीकरण बंद किया जाए। यूपी बैंक इम्पलाइज यूनियन के अध्यक्ष साथी राजकुमार जैन ने कहा कि 1991 में आर्थिक उदारीकरण की कार्यसूची को शुरू करने के बाद से नव उदारवादी आर्थिक नीतियों, कामगार विरोधी श्रम नीतियों और प्रतिगामी बैंकिंग सुधारों आदि के विरूद्ध बैंक कर्मचारियों ने पिछले 30 सालों में 50 हड़तालें की हैं। उन्होंने मांग की कि नई पेंशन योजना निरस्त की जाए तथा महंगाई भत्ते से जुड़ी पेंशन योजना बहाल की जाए।उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि जनविरोधी कामगार नीतियों के खिलाफ हमारे श्रम संगठनों का सर्वोपरि कर्तव्य है।

प्रदर्शनकारियों को राजीव माहेश्वरी, राहुल कपिल, ओ. पी. शिवा, अतुल चोपड़ा, संजीव शर्मा, उपेंद्र शर्मा, सोनू तिवारी, राजेश अरोड़ा, आशीष कुमार, अजय कुमार कर्णवाल आदि ने भी सम्बोधित किया। प्रदर्शनकारियों में नावेद अली, अमित कुमार, शांतिस्वरूप अरोड़ा, रोहित काम्बोज, सुरेश कुमार, सोहन सिंह, अतुल सिंघल, वीरकुमार जैन, राजकुमार शर्मा, संजीव कुमार, दीपक कुमार, गौरव सिंह, विवेक कुमार, सौरभ चोपड़ा, विकास चौहान, सुरेंद्र कुमार, हरि निवास, विनय जैन, मुकेश कुमार, कविता सैनी, मौहम्मद आरिफ आदि शामिल रहे।