बल, बुद्धि, विद्या व सेवा के प्रतिमान हैं बजरंगबली: जिलाधिकारी मनीष बंसल

  • सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते जिलाधिकारी मनीष बंसल।

सहारनपुर। खराब मौसम के बावजूद मोक्षायतन योगाश्रम में वसन्तोत्सव श्रद्धा, साधना और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। योग गुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण के प्रेरक आवाहन पर नन्हे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में साधक आश्रम परिसर पहुंचे। नेशन बिल्डर्स एकेडमी प्रांगण में वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया तथा मां सरस्वती की आराधना के साथ दक्षिणमुखी हनुमान जी के विग्रह की स्थापना की गई।

विग्रह स्थापना जिलाधिकारी मनीष बंसल, गुरुदेव स्वामी भारत भूषण तथा आर्किटेक्ट पंकज गुप्ता व डेजी गुप्ता की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि विद्यालय सरस्वती के मंदिर और व्यायामशालाएं शक्ति-साधना, सेवा और चरित्र निर्माण के केंद्र होते हैं। मां सरस्वती की आराधना और बल, बुद्धि, विद्या व सेवा के प्रतिमान बजरंगबली की भक्ति से इन गुणों की सहज प्राप्ति होती है।

उन्होंने मोक्षायतन योग संस्थान से जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नेशन बिल्डर्स एकेडमी के नन्हे बच्चों एवं साधकों को सौभाग्यशाली बताया कि उन्हें ऐसी पवित्र साधना स्थली में राष्ट्र व मानवता के लिए जीवन को समर्पित करने का अवसर मिल रहा है। गुरुदेव पद्मश्री स्वामी भारत भूषण ने बसंत पंचमी को मदनोत्सव के रूप में उल्लेखित करते हुए कहा कि काम पर विजय विद्या और विवेक से ही संभव है, इसी कारण इस दिन विद्या की अधिष्ठनलात्री मां सरस्वती का प्रादुर्भाव हुआ। उन्होंने विशेष रूप से किशोरों व युवाओं को बल, बुद्धि, ब्रह्मचर्य, शक्ति और भक्ति के लिए नित्य हनुमान दर्शन व आराधना की प्रेरणा दी।

आयोजन के दौरान वसंती वेश और पगड़ी धारण किए साधकों द्वारा यज्ञ, अर्चना-वंदन, वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि से वातावरण भक्तिमय हो उठा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं वीर बालक हकीकत राय के बलिदान को स्मरण करते हुए विशेष आहुतियां अर्पित की गईं। इस अवसर पर यजमान पंकज गुप्ता दंपति की वैवाहिक वर्षगांठ भी मनाई गई, जिस पर उपस्थित साधकों ने पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में वरिष्ठ साधक हेमंत अरोड़ा, ऋषिपाल सिंह, सुषमा सिंह, योगाचार्य नवनीश व ऋचा बर्थवाल, अनीता शर्मा, सीमा गुप्ता, आलोक श्रीवास्तव, पूनम वर्मा, आस्था वर्मा, ललित वर्मा, मनोज, केशव, विष्णु सहित अनेक साधक उपस्थित रहे।