लाल बारादरी मस्जिद मामले में बजरंग दल की एंट्री, छात्र धरने पर, हनुमान चालीसा पाठ के दौरान हंगामा
लखनऊ यूनिवर्सिटी में लाल बारादरी में नमाज़ पढ़े जाने के बाद से छिड़ा विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार को इसके विरोध में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद आज एक बार फिर से बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद ने इस जगह पर हनुमान चालीसा का पाठ पढ़ने का ऐलान किया है, जिसके बाद ये विवाद और बढ़ गया है.
बजरंग दल और वीएचपी के ऐलान के बाद यूनिवर्सिटी में भारी संख्या कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए, जिसके बाद यूनिवर्सिटी में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया है. सुरक्षा कर्मियों ने छात्रों को रोकने की कोशिश की लेकिन वो नहीं माने और लाल बारादरी में जबरन घुस गए और ज़मीन पर बैठकर ही हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया.
लाल बारादारी में छात्रों ने पढ़ी हनुमान चालीसा
इन छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर हैं, यहां पर नमाज पढ़ना और इफ्तारी पार्टी करना सरासर गलत है. उन्होंने आरोप लगाया कि यहां पर बाहरी लोग भी घुसने लगे हैं जिसका विरोध किया जा रहा है. पुलिस ने छात्रों को रोकने की कोशिश की लेकिन वो नहीं मानें, जिसके बाद पुलिस को उन्हें खदेड़ने के लिए हल्के बल का प्रयोग भी करना पड़ा.
यूनिवर्सिटी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
छात्रों ने दावा किया कि यहां किसी बाहरी(बजरंग दल या विश्व हिंदू परिषद के लोग) को आमंत्रित नहीं किया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि उस दिन पुलिस प्रशासन कहां गया था जब यहां पर नमाज़ पढ़ी गई थी. पुलिस नमाज पढ़ने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं करती पर हनुमान चालीसा पढ़ने वालों को गिरफ्तार करती है.
छात्रों को काबू करने कि लिए पुलिस का कड़ी मशक़्क़त करनी पड़ी. पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में भी लिया है. फ़िलहाल यूनिवर्सिटी में इसे लेकर तनाव देखने को मिल रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. पुलिस प्रशासन पूरे हालात पर नज़र बनाए हैं.
