ऐतिहासिक होगा सहारनपुर में आयोजित होने वाला पिछड़ा वर्ग सम्मेलन

ऐतिहासिक होगा सहारनपुर में आयोजित होने वाला पिछड़ा वर्ग सम्मेलन
  • सहारनपुर में सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की बैठक को सम्बोधित करते प्रदेश सचिव बिजेद्र विश्वकर्मा।

सहारनपुर [24CN। समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने सामाजिक न्याय यात्रा के अंतर्गत आगामी 16 अक्टूबर को सहारनपुर में आयोजित होने वाले पिछड़ा वर्ग सम्मेलन की सफलता के लिए विभिन्न स्थानों पर सम्पर्क कर पिछड़ा वर्ग के लोगों से भारी संख्या में भागीदारी का आह्वान किया।

मानकमऊ स्थित सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गुलजार सलमानी के आवास पर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव बिजेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा शासन में पिछड़े व दलितों के अधिकारों का हनन करने के साथ-साथ उन्हें छीनने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ द्वारा निकाली जा रही सामाजिक न्याय यात्रा का आगामी 16 अक्टूबर को आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने पिछड़ा वर्ग के लोगों से पिछड़ा वर्ग सम्मेलन ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गुलजार सलमानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछड़ों व दलितों का उत्पीडऩ चरम सीमा पर है तथा सरकार इनके संवैधानिक अधिकारों को समाप्त करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने पिछड़ा वर्ग को जितना सम्मान देने का काम किया है, उतना आज तक किसी भी सरकार ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में ही पिछड़ा वर्ग आयोग की स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही भारतीय जनता पार्टी का एकमात्र विकल्प है। इसलिए हर वर्ग समाजवादी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर उसके साथ जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 16 अक्टूबर को होने वाला पिछड़ा वर्ग सम्मेलन भाजपा सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा।

एससी/एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव कटार सिंह कोरी ने कहा कि आगामी 16 अक्टूबर को मल्हीपुर रोड स्थित एक वैंकटहॉल में आयोजित होने वाले पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के सम्मेलन में प्रदेशाध्यक्ष राजपाल कश्यप मुख्य अतिथि होंगे। जबकि सांसद व राष्ट्रीय प्रवक्ता बिसम्बर प्रसाद विशेष अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि सम्मेलन की सफलता के लिए सिकंदरपुर, बांसदेई, फखनपुर, जहानपुर, माजरी, कल्लरहेड़ी, महंगी, पीरमाजरा समेत कई गांवों में जनसम्पर्क कर पिछड़ा वर्ग के लोगों से सम्मेलन में भागीदारी का आह्वान किया गया है।

बैठक में इमरान मलिक, जमशेद सलमानी, संजय धीमान, पंकज चौधरी, रफल कोरी, मनोज पांचाल, अमित धीमान, रिजवान सैफी, नरेश कोरी, इरशाद सलमानी, दिनेश कश्यप, मुकेश कश्यप आदि मौजूद रहे।