बाबा साहब डा0 भीमराव अम्बेडकर का जन्म दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा- जिलाधिकारी
सहारनपुर [24CN] जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी तथा समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी 14 अप्रैल 2021 को बाबा साहब डा0 भीमराव अम्बेडकर का जन्म दिवस मनाया जाए।
श्री अखिलेश सिंह ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होने कहा कि जनपद में जनपद मुख्यालय एवं तहसील मुख्यालयों पर जन्मदिवस मनाया जाना सुनिश्चित करने हेतु मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्होने कहा कि तहसील सदर और कलेक्ट्रेट में संयुक्त रूप से तथा विकास भवन में अलग से कार्यक्रम होगा। उन्होने उपजिलाधिकारी बेहट, देवबन्द, नकुड और रामपुर मनिहारान को निर्देशित किया कि अपनी-अपनी तहसील में जन्म दिवस मनाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जन्मदिवस मनाए जाने के दौरान कोविड-19 के प्रोटोकाॅल और आदर्श आचार संहिता के प्राविधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।