राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार हेतु जागरूकता वैन रवाना, 14 मार्च को होगा आयोजन

राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार हेतु जागरूकता वैन रवाना, 14 मार्च को होगा आयोजन
  • सहारनपुर में कचहरी परिसर में प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते न्यायिक अधिकारी।

सहारनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी 14 मार्च  को सहारनपुर जनपद तथा सभी तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसी के प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता प्रचार वाहन को रवाना किया गया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देवेन्द्र सिंह, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अम्बर रावत, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राहुल त्यागी तथा सचिव पालम राणा उपस्थित रहे। जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आपसी विवादों को सुलह-समझौते के आधार पर निपटाना है, जिससे दोनों पक्षों को लाभ मिलता है।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों में कोई अपील नहीं होती और जमा की गई कोर्ट फीस भी वापस कर दी जाती है। उन्होंने अधिवक्ताओं, वादकारियों तथा सभी संबंधित पक्षों से अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए सहभागिता की अपील की। पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पप्पू कुमार सिंह ने बताया कि प्रचार वैन 11 से 14 मार्च तक सहारनपुर के गांवों, तहसीलों, पंचायतों और दूरदराज क्षेत्रों में जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत तथा विभिन्न कानूनों के संबंध में लोगों को जागरूक करेगी। इस अभियान में पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) भी सहयोग करेंगे।


Leave a Reply