हमारे देश के एथलीट देश के लिए मेडल जीत कर लाएंगे हमे पूर्ण विश्वास: महेन्द्र सैनी
- चियर फार इण्डिया के अन्तर्गत की भाजपाईयों ने निकाली साइकिल यात्रा’
देवबंद [24CN] : भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के द्वारा चीयर फॉर इंडिया अभियान के अंतर्गत साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष महेंद्र सैनी ने कहा कि भारत युवाओं का देश है, युवा ही देश की रीढ़ होते है। युवाओं की ऊर्जा से ही देश का विकास संभव है। उन्होने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के द्वारा आयोजित चीयर फॉर इंडिया अभियान के अन्तर्गत युवा अपने एथलीटों के सम्मान में, उनके उत्साह वर्धन के लिए पूरी ऊर्जा व ताकत के साथ देश में लगा हुआ है। देश के युवाओं का पूर्ण विश्वास है कि हमारे देश के एथलीट देश के लिए मेडल जीत कर लाएंगे और देश का मान बढ़ाएंगे।
कहा कि ओलंपिक की अवधि के दौरान 23 जुलाई से 8 अगस्त तक यह अभियान चलेगा जिसमें चलना, दौड़ना, साइकिल चलाना, ध्यान, प्रार्थना, पढ़ना, लेखन, जल्दी उठना आदि ऐसे कार्य है , जो अनुशासन की भावना को पैदा करते हैं। युवा मोर्चा के जिला संयोजक विपिन सिरोही ने कहा कि केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व द्वारा आदेशित टोक्यो ओलंपिक 2021 के साथ साथ युवा मोर्चा द्वारा अभियान की शुरुआत की गई है। जिसमे 127 एथलीट टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जो अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधि दल है। खेल उन प्रभावशाली क्षेत्रों में से एक है जो युवाओं को देश भक्ती के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ देश को गौरवान्वित करता है। इस अभियान का उद्देश्य प्रतिभागियों के बीच व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देना है, जो एक सफल खिलाड़ी का निर्माण करता है। पहली बार कोई राजनीतिक दल व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करने के लिए इतने व्यापक स्तर पर अभियान चला रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने ओलंपिक एथलीटों का इस अभियान के माध्यम से उत्साहवर्धन कर रहे है।
अभियान के निमित्त जिला प्रवासी क्षेत्रीय मंत्री प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजयुमो का लक्ष्य सरकार के आह्वान का समर्थन करना है। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ता वीआईपी गेस्ट हाउस से चलकर सुभाष चैक तक साइकिल चलाते हुए गये और भारत माता की जय के नारे लगाये तथा भारत माता के वीर सपूत सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम शुभम, क्षेत्रीय मंत्री राजू पंडित, नगर अध्यक्ष विपिन गर्ग, मंडल अध्यक्ष सोनित कश्यप, पूर्व मंडल अध्यक्ष उपेंद्र चौधरी ने भी संबोधित किया।