आसपा अध्यक्ष का पुलिसकर्मी पर मारपीट करने का आरोप, सीओ को दिया ज्ञापन
बाइक खड़ी करने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप
देवबंद। भीम आर्मी व आसपा (युवा मोर्चा) के विधानसभा अध्यक्ष अक्षय कुमार ने कचहरी गेट पर तैनात पुलिसकर्मी पर बाइक खड़ी करने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने और न देने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
बुधवार को अक्षय कुमार संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सीओ को ज्ञापन देने पहुंचे। इसमें उन्होंने बताया कि वह ग्राम प्रधान पहल सिंह के साथ कचहरी में किसी काम से आए थे। आरोप है कि कचहरी गेट पर तैनात पुलिसकर्मी ने बाइक खड़ी करने के नाम पर सौ रुपये मांगे। इंकार करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और मारपीट की गई। ग्राम प्रधान ने उन्हें पुलिसकर्मी से बचाया। अक्षय कुमार ने सीओ से मामले की जांच कर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है मामले की जांच कराई जा रही है। ज्ञापन देने वालों में तहसील अध्यक्ष नरेंद्र लांबा, जिला संगठन मंत्री सुमित कुमार, पंकज दास, दीपक, दीन मोहम्मद, छोटू, अमित आदि शामिल रहे।
