आशा सम्मेलन में उल्लेखनीय कार्यों के लिए आशाओं को किया सम्मानित

- सहारनपुर में जनमंच सभागार में सम्मानित की गई आशा कार्यकत्रियां।
सहारनपुर [24CN]। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित आशा कार्यकत्रियों को स्वास्थ्य सेवाओं व कोविड-19 के दौरान रोगियों की हरसंभव मदद करने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आशाओं ने लोक गीतों पर नृत्य कर दर्शकों की तालियां बटोरी।
जनमंच सभागार में आयोजित आशा सम्मेलन का शुभारम्भ मुख्य अतिथि महापौर संजीव वालिया व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजीव मांगलिक ने दीप प्रज्जवलित करके किया। आशा कार्यकत्रियों ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए महापौर संजीव वालिया ने कहा कि जिस प्रकार आशाओं ने सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए डोर टू डोर जाकर मेहनत की और लोगों को सामाजिक दूरी व कोविड-19 वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने का काम किया। इसी तरह पोलियो अभियान व जच्चा-बच्चा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने का काम किया जाता है, वह सराहनीय है। इस दौरान आशा कार्यकत्रियों द्वारा लोक नृत्य व लोक गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्यों के लिए आशाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान डा. सत्यप्रकाश, डा. धर्मवीर सिंह, डा. शिवांका गौड, खालिद हुसैन, बृजेश कुमार, सत्यप्रकाश, डा. कांति प्रसाद, डा. ए. के. भटनागर सहित भारी संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारी व कार्यकत्रियां मौजूद रही।