अरविंद केजरीवाल का US को लेकर मोदी सरकार पर हमला, ‘कपास पर 50 पर्सेंट टैरिफ लगाना चाहिए था, लेकिन…’

अरविंद केजरीवाल का US को लेकर मोदी सरकार पर हमला, ‘कपास पर 50 पर्सेंट टैरिफ लगाना चाहिए था, लेकिन…’

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने किसानों के मुद्दे पर मोदी सरकार पर निशाना साधा है. सीएम ने गुरुवार (28 अगस्त) को दावा किया कि अमेरिका से जो कॉटन (कपास) भारत आता है, उस पर मोदी सरकार ने ड्यूटी हटा दी है. पहले 11 प्रतिशत ड्यूटी थी.

केजरीवाल ने कहा, ”अमेरिका ने हमारे ऊपर टैरिफ लगाया, हमें कपास पर 50 पर्सेंट टैरिफ लगाना चाहिए था. लेकिन हमने ऐसा नहीं किया.”

उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”ये किसानों के साथ धोखा है. जब अक्टूबर में हमारे किसानों की कपास मंडी में आएगी, तब उन्हें औने पौने दाम पर बेचनी होगी. गुजरात, पंजाब, विदर्भ, तेलंगाना के किसानों पर असर पड़ेगा.”

ट्रंप कायर आदमी है- अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”चीन के ऊपर ट्रंप ने 145 प्रतिशत टैरिफ लगाया तो चीन ने भी 125 प्रतिशत टैरिफ लगाया, ट्रंप को झुकना पड़ा. मेक्सिको, कनाडा, यूरोपियन यूनियन हर जगह सरकारों ने ट्रंप का जवाब दिया. ट्रंप एक कायर आदमी है, जो ट्रंप के खिलाफ खड़ा हुआ, उसके सामने ट्रंप को झुकना पड़ा. ट्रंप के सामने मोदी जी भीगी बिल्ली बने हुए हैं. पता नहीं क्या मजबूरियां हैं.”

उन्होंने कहा, ”आज हमारा देश तरफ से मार खा रहा है. एक तरफ ट्रंप ने 50 फीसदी टैरिफ लगाया है. इससे हमारी घरेलू इंडस्ट्री बंद होने के कगार पर है. क्योंकि हमारा एक्सपोर्ट (निर्यात) बंद हो गया. दूसरी तरफ पीएम मोदी ने अमेरिका से जो सामान आता था, उसपर टैरिफ खत्म कर दिया. अमेरिका का सामान हमारे यहां बिकेगा. हमें तो डबल टैरिफ लगा देना चाहिए था.”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”ट्रंप ने 50 पर्सेंट टैरिफ लगाया तो हमें 100 प्रतिशत टैरिफ लगाना चाहिए. हमारी आबादी इतनी है कि कोई भी हमारी नाराजगी बर्दाश्त नहीं कर सकता. मोदी जी आप क्यों झुके? ये भारत के सम्मान का मुद्दा है. आप हिम्मत दिखाइए, हम आपके साथ हैं.”