प्रियंका गांधी के समक्ष कांग्रेस का दामन थामेंगे अरूण चौहान
सहारनपुर [24CN] । भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरूण चौहान ने आज भाजपा की प्राथमिकता सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। श्री चौहान कल चिलकाना में कांग्रेस के कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
कांधला विधानसभा सीट से विधायक रहे चौ. अजब सिंह के पौत्र अरूण चौहान पिछले सात वर्षों से नकुड़ विधानसभा में रहकर जनता की सेवा कर रहे हैं। कुछ दिन पूर्व उन्होंने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य पद से त्यागपत्र दे दिया था। आज उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर पार्टी को अलविदा कह दिया।
अरूण चौहान का कहना है कि जिस समय वह भाजपा से जुड़े थे, उस समय उन्हें उम्मीद थी कि भाजपा जो कहती है वही करती है लेकिन पार्टी की कथनी व करनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि किसानों का भला करने का वायदा करके सत्ता हासिल करने वाली भाजपा ने किसानों को केवल गर्त में धकेलने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भाजपा किसान हितैषी होने का ढोंग करते हैं, उनकी पोल पट्टी जनता के समाने खुल चुकी है। एक तरह से ऐसे नेताओं की आत्मा मर चुकी है जो सत्ता के लालच में सही को सही व गलत को गलत कहने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह किसान के बेटे हैं तथा उनकी आत्मा जिंदा हैं। इसलिए वह भाजपा को अलविदा कह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कल चिलकाना में वह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के समक्ष कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही केवल ऐसी पार्टी है जिसने किसानों से अपने वायदे पूरा करते हुए किसानों का सम्पूर्ण कर्ज माफ किया था। आज भी कांग्रेस किसानों के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद करने का काम कर रही है। इसी से प्रभावित होकर वह कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।