सशस्त्र बदमाशों ने दिनदहाड़े गैस एजेंसी पर बोला धावा, लाखों की लूट
- सहारनपुर में रामपुर मनिहारान में लूट की घटना की जानकारी लेते एसपी सिटी।
रामपुर मनिहारान। कोतवाली व कस्बा रामपुर मनिहारान के मैन बाजार के समीप एक गैस एजेंसी पर धावा बोलकर दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाश गन प्वाइंट पर लाखों रूपए नगदी लूटकर फरार हो गए। लूट की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कम्म मच गया तथा थाना प्रभारी व एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
मिली जानकारी के अनुसार कस्बा रामपुर मनिहारान के मुख्य बाजार के समीप मौहल्ला कायस्थान में अमित कपिल पुत्र ज्ञानचंद शर्मा की शिवशक्ति भार गैस एजेंसी है। बताया जाता है कि आज दोपहर करीब तीन बजे मैनेजर पल्लव शर्मा पुत्र सुनील कुमार व कर्मचारी मुकुल पुत्र देवीचंद कैश काउंटर पर बैठे थे तभी दो नकाबपोश युवक गैस एजेंसी पर पहुंचे तथा आते ही उन्होंने तमंचे के बल पर मैनेजर पल्लव शर्मा व मुकुल को काबू कर सारा कैश उठा लिया। बदमाशों ने तमंचे की नोक पर एजेंसी के कैश के साथ-साथ उनकी जेब में रखे रूपए भी लूट ले गए।
बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद तमंचे लहराते हुए इस्लामनगर की ओर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद मैनजर पल्लव शर्मा ने पास ही चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया तथा थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली तथा शीघ्र ही घटना की खुलासा कराने का आश्वासन दिया।
एजेंसी स्वामी अमित कपिल ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली रामपुरम मनिहारान में तहरीर दी है। गौरतलब है कि जिस स्थान पर गैस एजेंसी में बेखौफ होकर बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। उससे मात्र 10 मीटर की दूरी पर शिवालिक बैंक भी है जिस पर हर समय सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद बदमाश लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
