भारत से संपर्क साधने में जुटा कूटनीतिक खेमा, रूस व ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों के अलावा अमेरिका के डिप्टी एनएसए भी आएंगे इंडिया

भारत से संपर्क साधने में जुटा कूटनीतिक खेमा, रूस व ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों के अलावा अमेरिका के डिप्टी एनएसए भी आएंगे इंडिया
  •  विदेश मंत्रालय से अभी दो दर्जन देशों की तरफ से बात की जा रही है कि उनके राष्ट्र प्रमुखों या विदेश मंत्रियों की यात्रा की तिथि तय की जाए। यूक्रेन-रूस विवाद की वजह से भारत सरकार काफी सोच विचार कर इन प्रस्तावों को आगे बढ़ा रही है।

नई दिल्ली। नई दिल्ली के कूटनीतिक गलियारे में जिस तरह की हलचल अभी देखी जा रही है वैसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद जिस तरह से भारत को प्रभावित करने में वैश्विक मंच का हर खेमा जुटा हुआ है उसकी बानगी अगले कुछ दिनों के दौरान और देखने को मिलेगी। एक तरफ ब्रिटेन और रूस के विदेश मंत्री भारत की यात्रा पर पहुंच रहे हैं तो दूसरी तरफ रूस के खिलाफ अमेरिका की नीति बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतवंशी डिप्टी एनएसए दिलीप सिंह भी यहां आ रहे हैं। यह हफ्ते भर में अमेरिका के किसी वरिष्ठ अधिकारी की दूसरी भारत यात्रा होगी।

इसी के साथ यूरोपीय देशों के संगठन यूरोपीय आयोग की प्रेसिडेंट उर्सूला लेयेन की भारत यात्रा की भी तैयारियां शुरु हैं। मैक्सिको के विदेश मंत्री मार्सेलो एबरार्ड भी बुधवार को नई दिल्ली की दो दिवसीय यात्रा पर होंगे। नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देऊबा भी 01 से 03 अप्रैल तक भारत के दौरे पर होंगे। आना तो इजरायल के पीएम नेफ्ताली बेनेट को भी था लेकिन कोरोना की चपेट में आने से उनकी और इजरायल के रक्षा मंत्री बेनी गांत्ज की यात्रा टल गई है। दोनो देश संपर्क में हैं और बहुत जल्द ही इन दोनो की यात्रा की अगली तिथि तय होगी।

भारत सरकार काफी सोच विचार कर प्रस्तावों को बढ़ा रही आगे

विदेश मंत्रालय से अभी दो दर्जन देशों की तरफ से बात की जा रही है कि उनके राष्ट्र प्रमुखों या विदेश मंत्रियों की यात्रा की तिथि तय की जाए। यूक्रेन-रूस विवाद की वजह से भारत सरकार काफी सोच विचार कर इन प्रस्तावों को आगे बढ़ा रही है।

इन वजहों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है डिप्टी एनएसए का भारत दौरा

अमेरिका के डिप्टी एनएसए दिलीप सिंह की यात्रा को दो वजहों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तो यूक्रेन रूस विवाद पर भारत को अपने विचार से अवगत कराना और दूसरा, अगले महीने दोनो देशों के विदेश व रक्षा मंत्रियों की टू प्लस टू वार्ता की तैयारियों को आगे बढ़ाना। यह कोई छिपी बात नहीं है कि यूक्रेन विवाद पर भारत ने रूस को लेकर जो स्टैंड लिया है उससे अमेरिका खुश नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति भारत की नीति को अस्थिर करार दे चुके हैं। दिलीप सिंह को जो बाइडन प्रशासन की रूस नीति के प्रमुख रणनीतिकार के तौर पर जाना जाता है। इस लिहाज से उनका आने की खास अहमियत हो जाती है।

यह भी बता दें कि 31 मार्च, 2022 को ब्रिटेन की विदेश सचिव एलिजाबेथ ट्रूस और 01 अप्रैल, 2022 को रूस के विदेश मंत्री लावरोव भी आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंच रहे हैं। इन तीनों अधिकारियों की यात्रा के दौरान निश्चित तौर पर तमाम द्विपक्षीय मुद्दों पर बात होगी लेकिन वार्ता के केंद्र में यूक्रेन-रूस युद्ध से उपजे हालात ही होंगे।