एंटी क्रप्शन टीम ने लेखपाल को रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा
- सहारनपुर में एंटी क्रप्शन टीम द्वारा दबोचा गया लेखपाल।
सहारनपुर। एंटी क्रप्शन टीम ने सदर तहसील के गांव धतौली मुगल में तैनात लेखपाल को एक किसान से 5 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार सदर तहसील के गांव धतौली मुगल में नेत्रपाल लेखपाल के पद पर तैनात है। बताया जाता है कि धतौली मुगल में चकरोड पर अवैध कब्जे को हटवाने के लिए एक किसान द्वारा लेखपाल नेत्रपाल से गुहार लगाई गई थी। आरोप है कि चकरोड़ को खाली कराने की एवज में आरोपी लेखपाल नेत्रपाल द्वारा पीडि़त किसान से 5 हजार रूपए की मांग की गई थी जिस पर किसान द्वारा सहारनपुर एंटी क्रप्शन की टीम से सम्पर्क साधा गया था। आज एंटी क्रप्शन टीम द्वारा किसान को पाउडर लगे हुए 5 हजार रूपए देकर आरोपी लेखपाल नेत्रपाल के पास भेजा था। जैसे ही किसान ने आरोपी लेखपाल को 5 हजार रूपए की नगदी दी तभी एंटी क्रप्शन टीम ने उसे दबोच लिया। मौके पर लेखपाल के हाथ धुलवाए गए तथा उसे हिरासत में ले लिया।
