समालखा में 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होगा वार्षिक निरंकारी संत समागम

सहारनपुर में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का फाइल फोटो।
सहारनपुर। संत निरंकारी मिशन का 76वां वार्षिक संत समागम समालखा में संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर आगामी 28 से 30 अक्टूबर तक सतगुरू माता सुदीक्षा महाराज व निरंकारी राजपिता के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए संत निरंकारी मिशन के जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार अनमोल ने बताया कि आगामी 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली निरंकारी संत समागम में हर प्रांत से आए हुए भक्त एक विस्तृत परिवार के रूप में सतगुरू के साकार दर्शन एवं उनकी दिव्य वाणी का श्रवण करेंगे। साथ ही यह एक आलौकिक नजारा होगा जहां सभी जनमानस अपनी भाषा, जाति, धर्म व वर्ण को भुलाकर एकत्व के दिव्य संदेश को वास्तविक रूप में चरितार्थ करेंगे।
उन्होंने बताया कि समालखा में संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर संत निरंकारी मिशन से जुड़े बच्चे, युवा और वृद्ध सेवा में अपना पूरा योगदान दे रहे हैं। मैदान को समतल करने के साथ-साथ संतों द्वारा संगतों के लिए टैंट व शामयाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि संगतों द्वारा दिन-रात किए जा रहे प्रयासों का ही सकारात्मक परिणाम है कि कुछ ही समय में शामियानों की सजी हुई नगरी एक आकर्षक समागम स्थल के रूप में परिवर्तित हो जाएगी।